सीजी भास्कर, बीजापुर, 24 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पौधारोपण के नाम पर 16 करोड़ 73 लाख रुपए के कथित भ्रष्टाचार (Bijapur Plantation Scam) का आरोप लगा है। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने दावा किया है कि 74 हजार पौधे लगाने के नाम पर सरकारी राशि खर्च की गई, लेकिन मौके पर पौधारोपण के काम को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
छह सवालों से घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक विक्रम मंडावी ने छह सवाल उठाते हुए पूछा कि पौधे कहां से खरीदे गए और उनकी खरीदी का भुगतान किसके खाते में किया गया? पौधारोपण का काम पूरा होने की रिपोर्ट किस आधार पर तैयार की गई? उन्होंने बिना जीएसटी बिल और टेंडर के भुगतान किए जाने पर भी सवाल उठाए। विधायक का कहना है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद जमीनी स्तर पर काम की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
कार्रवाई की मांग
विधायक ने पूरे मामले की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपों की पुष्टि होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, निलंबन की कार्रवाई करने और सरकारी राशि की वसूली करने की मांग भी उठाई है।
यह भी पढ़ें : Bilaspur Road Accident : महामाया मंदिर दर्शन को निकले युवाओं की कार ट्रेलर में घुसी, 23 वर्षीय युवती की मौत; 6 घायल
प्रशासन ने आरोप नकारे
वहीं, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने विधायक के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि इस काम के लिए तीन साल का बजट निर्धारित है और मजदूरों के खातों में भुगतान किया जा रहा है।
जांच पर टिकी नजरें
फिलहाल पौधारोपण के नाम पर 16.73 करोड़ रुपए खर्च किए जाने को लेकर विधायक के आरोप और प्रशासन का जवाब आमने-सामने हैं। बीजापुर में पौधारोपण कार्य (Bijapur Plantation Scam) की वास्तविक स्थिति, भुगतान और खर्च से जुड़े दस्तावेजों की जांच की मांग उठ रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में जांच को लेकर क्या कदम उठाता है।



