सीजी भास्कर, जशपुर, 25 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मत्स्य कृषकों की आमदनी बढ़ाने के लिए मछली पालन के साथ झींगा पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। योजना के तहत 40 अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को झींगा बीज (Jashpur Shrimp Farming) वितरित किया गया है। इनके तालाबों में कुल 25 हेक्टेयर क्षेत्र में मछली और झींगा का एकीकृत पालन होगा। खास बात यह है कि झींगा पालन के लिए प्रति हेक्टेयर लागत पर 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। विभागीय आकलन के मुताबिक, इस पद्धति से प्रति हेक्टेयर 3.32 लाख से 5.32 लाख रुपये तक लाभ की संभावना है।

यह भी पढ़ें : Gold Silver Investment : सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, चांदी ₹9,103 और सोना ₹3,653 सस्ता
40 किसानों का चयन
योजना के तहत जिले के सभी विकासखंडों से निजी और पट्टे पर प्राप्त तालाबों में मछली पालन करने वाले अनुसूचित जनजाति वर्ग के 40 हितग्राहियों का चयन किया गया है। इनके तालाबों में 25 हेक्टेयर क्षेत्र पर मछली और झींगा का एक साथ पालन किया जाएगा। इस पद्धति को एकीकृत पालन या पॉलीकल्चर कहा जाता है।
बाघिमा में दिया प्रशिक्षण
23 नवंबर को मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बाघिमा, जशपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चयनित मत्स्य कृषकों को झींगा पालन की आधुनिक तकनीक, तालाब प्रबंधन, बीज संचयन और उत्पादन से जुड़ी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को झींगा बीज भी वितरित किया गया।

लागत पर 60 प्रतिशत अनुदान
योजना के अंतर्गत झींगा पालन की प्रति हेक्टेयर लागत पर विभाग की ओर से 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इससे किसान कतला और रोहू जैसी प्रमुख मछली प्रजातियों के साथ मीठे पानी में झींगा भी पाल सकेंगे। झींगा की बाजार में अच्छी मांग और अपेक्षाकृत अधिक कीमत होने से एक ही तालाब से दो तरह के मत्स्य उत्पाद मिल सकेंगे। इससे किसानों को आय के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध होंगे।
5.32 लाख तक लाभ की संभावना
विभागीय आकलन के अनुसार, एकीकृत मछली और झींगा पालन से मत्स्य कृषक प्रति हेक्टेयर करीब 3.32 लाख से 5.32 लाख रुपये तक लाभ अर्जित कर सकते हैं। इस पहल से खासकर जनजातीय परिवारों को अतिरिक्त आय और स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। मछली पालन (Jashpur Shrimp Farming) के जरिए जिले में उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने और मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी बनाने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें : Bhilai Heroin Smuggling Network : स्कूल-कॉलेज के युवाओं तक पहुंच रहा था चिट्टा, 2 नाबालिग समेत 13 आरोपी गिरफ्तार



