सीजी भास्कर, 19 अक्टूबर । बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में रविवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से पांच बाइक जलकर खाक हो गईं। आग और धुएं से घबराकर कुछ महिलाएं और बच्चे छत से कूद गए। इस दौरान एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। (Atal Awas Fire Accident)
अटल आवास के 24 ब्लॉक में 75 से अधिक लोग मौजूद थे। आग और धुएं के बीच फंसे लोगों को स्थानीय युवकों ने रस्सी और साड़ियों की मदद से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर सेना का आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचा। बिजली सप्लाई बंद कराने के बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया।

आग लगते ही मची अफरा-तफरी, लोगों को सुरक्षित निकाला : Atal Awas Fire Accident
आग लगने के बाद परिसर में लपटें उठने लगीं और धुआं फैल गया। वहां खड़ी पांच बाइक आग की चपेट में आ गईं। बाइक के पेट्रोल और टायर तक आग पहुंचने से पटाखों जैसी आवाजें आने लगीं, जिससे रहवासियों में दहशत फैल गई।
स्थानीय युवक मिक्की मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं और बच्चों को रस्सी व साड़ियों के सहारे बाहर निकाला। कुछ लोग कमरों में फंस गए थे और सुरक्षित निकलने का रास्ता तलाश रहे थे। धुएं और आग की लपटों से घबराकर कई लोग छत से कूद गए। इसी दौरान एक युवक के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर बाइक खड़ी थीं, वहीं बिजली के मीटर और कनेक्शन लगे हुए हैं। रात में अचानक चिंगारी उठने और धुआं फैलने के बाद आग (Atal Awas Fire Accident) लगने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी नीचे खड़ी बाइक तक पहुंची, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
यह भी पढ़ें :रायपुर में प्रेमी ने महिला पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, इलाज के दौरान मौत; आरोपी फरार
पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा : Atal Awas Fire Accident
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के मुताबिक, रविवार रात करीब एक बजे अटल आवास में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम को मौके पर भेजा गया और नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल को सूचना देकर दमकल बुलाया गया। पुलिस ने सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई, फिर बचाव अभियान शुरू किया। दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल के पहुंचने में देरी हुई। आग बुझने के बाद भी लोग दहशत के कारण घरों में लौटने से हिचकते रहे। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो 24 ब्लॉक में रहने वाले लोगों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता था।
यह भी पढ़ें :कोरबा: SECL जीएम ऑफिस के सामने एंबुलेंस में लगी आग, दो दमकलों की मदद से पाया गया काबू
ख़बरें और भी हैं :Raipur PNB Bank Fire : दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा


