सीजी भास्कर, रायपुर, 30 अक्टूबर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्नब (Cyclone Arnab) का असर छत्तीसगढ़ में लगातार दिखाई दे रहा है। रायपुर, सरगुजा और गरियाबंद समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 2 नवंबर तक बारिश होने की संभावना जताई है। उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
बारिश का असर जनजीवन के साथ खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है। बलरामपुर, मुंगेली और धमतरी में खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भीग गई है। वहीं तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में खड़ी धान की फसल जमीन पर गिर गई है। मौसम को देखते हुए किसानों को पकी फसल की कटाई रोकने और कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें : GPM Weather : बारिश के बाद जीपीएम में छाया घना कोहरा, सड़कों पर धीमी हुई वाहनों की रफ्तार
कई जिलों में स्कूल बंद
लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। जानकारी के अनुसार, 14 जिलों के स्कूलों में गुरुवार को अवकाश रहा। वहीं दुर्ग, सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर और रायगढ़ में शुक्रवार को भी स्कूल बंद रहेंगे। सरगुजा और रायपुर में रात से बारिश जारी रही। अंबिकापुर में भी लगातार बारिश दर्ज की गई। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है।
यह भी पढ़ें : Badrinath Helicopter Crash : बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार

धान की फसल को नुकसान
बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बलरामपुर, मुंगेली और धमतरी में खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भीग गई है। लगातार नमी बनी रहने से धान के दाने काले पड़ने और फसल में फफूंद लगने का खतरा है।
रायगढ़ जिले के पुसौर में तेज हवाओं के चलते धान की खड़ी फसल झुक गई है। धमतरी के आसपास भी तैयार धान की फसल जमीन पर गिरने की जानकारी सामने आई है। किसानों को आशंका है कि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि पकी हुई फसल की कटाई फिलहाल रोक दें। खेतों में कटी हुई धान की फसल को खुले में छोड़ने के बजाय सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखें।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh DA Arrears : 2% महंगाई भत्ता बढ़ने के बाद भी कर्मचारियों में नाराजगी, बोले- देय तारीख से मिले एरियर्स
कमजोर होगा चक्रवात
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्नब (Cyclone Arnab) आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर चुका है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। अनुमान है कि अगले छह घंटों में यह कमजोर होकर चक्रवाती तूफान से गहरे दबाव के क्षेत्र में और इसके बाद अगले छह घंटों में कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है।
यह भी पढ़ें : Surajpur Elephant Attack : अर्नब चक्रवात के बाद हाथियों ने भी उजाड़ी किसानों की फसल, 15-20 एकड़ में धान समेत कई फसलें बर्बाद

2 नवंबर तक बारिश के आसार
चक्रवात के प्रभाव से 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई थी। वहीं प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश का अनुमान है। अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में 2 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
यह भी पढ़ें : Durg Gas Cylinder Blast : करवाचौथ पर दुर्ग में गैस सिलेंडर में धमाका, घर में लगी आग, परिवार के 6 सदस्य सुरक्षित



