सीजी भास्कर, डोंगरगढ़, 3 नवंबर 2026। मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ (Dongargarh Railway Station) पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इस बार रेलवे स्टेशन पर भी नया अनुभव मिलेगा। भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। स्टेशन को मां बम्लेश्वरी मंदिर की थीम पर भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। यहां धार्मिक पहचान के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं का भी खास ध्यान रखा गया है।

यह भी पढ़ें : Pharmacy Council : फार्मासिस्टों की समस्याएं लंबित, कार्यक्रमों पर लाखों खर्च की तैयारी से उठे सवाल
मंदिर की तर्ज पर डिजाइन
डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन की बाहरी इमारत और मुख्य द्वार को मां बम्लेश्वरी मंदिर की पहाड़ियों और पारंपरिक वास्तुकला से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। स्टेशन के पुनर्विकास में क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी जगह दी गई है। इससे स्टेशन पर पहुंचते ही यात्रियों को डोंगरगढ़ की पहचान और मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। खासकर नवरात्र और अन्य पर्वों पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह नया स्वरूप आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Jungle Safari : बाघों के दीदार से नक्सलगढ़ तक जंगल सफारी, अचानकमार में पहले दिन उमड़े 138 पर्यटक
यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं
स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए चौड़ा फुट ओवरब्रिज, आधुनिक लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा दी गई है। दोपहिया, चारपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की गई है। पार्किंग में पॉलीकार्बोनेट शेड बनाए गए हैं, जिससे वाहनों को धूप और बारिश से सुरक्षा मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें : Mungeli Development : निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में पूरे हों सभी काम : अरुण साव
दिव्यांगों के लिए अलग काउंटर
स्टेशन के पुनर्विकास में दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। उनके लिए अलग टिकट काउंटर बनाया गया है। यात्रियों के लिए फर्स्ट क्लास और सेकंड क्लास वेटिंग हॉल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दिव्यांगजन, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय बनाए गए हैं। प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर तक पहुंचने वाली सड़क को भी दुरुस्त किया गया है। बारिश के पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया गया है।
उद्यान और आर्टवर्क आकर्षण
स्टेशन परिसर में हरी घास और आकर्षक पौधों के साथ उद्यान विकसित किया गया है। यहां लगाए गए आर्टवर्क के माध्यम से डोंगरगढ़ क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और पुरानी विरासत को प्रदर्शित किया गया है। स्टेशन भवन को पॉलीकार्बोनेट और एसीपी कार्य के जरिए आकर्षक रूप दिया गया है। इस तरह डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन (Dongargarh Railway Station) को धार्मिक पहचान और आधुनिक सुविधाओं के मेल से नया स्वरूप मिला है।



