प्रदेशभर में लागू हुई निःशुल्क बस यात्रा योजना
सीजी भास्कर, 10 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ में 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू कर दी गई है। राज्य सरकार की इस योजना के तहत अब तक 8 हजार से अधिक बुजुर्गों को बस पास जारी किए जा चुके हैं। रायपुर में सबसे ज्यादा करीब 2 हजार पास बनाए गए हैं। पास दिखाकर पात्र बुजुर्ग प्रदेश में बसों से मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। (Free Bus Travel )
सरकार ने बस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि बस पास दिखाने वाले वरिष्ठ नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें बैठने के लिए उचित जगह दी जाए। इससे बुजुर्गों को सामाजिक, पारिवारिक और अन्य जरूरी कामों के लिए यात्रा करने में सहूलियत मिलेगी।

योजना का लाभ नहीं मिलने पर कर सकते हैं शिकायत : Free Bus Travel
परिवहन विभाग ने योजना की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी जिलों के बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय, सार्वजनिक स्थानों और बसों में पोस्टर लगाने शुरू किए हैं। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि किसी वरिष्ठ नागरिक को योजना का लाभ लेने में परेशानी होती है, तो उसकी शिकायत का तत्काल समाधान किया जाए। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें : Elderly Healthcare Centers : बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल केंद्र बना सहारा, 800 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को मिली राहत
बस पास बनवाने के लिए ऐसे करें आवेदन
पात्र बुजुर्ग अपने नजदीकी समाज कल्याण विभाग या क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में जाकर वरिष्ठ नागरिक बस पास अथवा सियान सेवा बस पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ जरूरी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां और फोटो जमा करनी होगी। आयु और निवास का सत्यापन होने के बाद पास जारी किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन के लिए नागरिक serviceonline.gov.in/chhattisgarh पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद ‘Apply for Services’ में ‘Senior Citizen Bus Pass’ विकल्प चुनकर मांगी गई जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
यह भी पढ़ें : Senior Citizen Welfare : उम्मीद छोड़ चुकी थी मां, फिर अचानक सामने आया बेटा, दो साल बाद हुआ भावुक मिलन
मदद के लिए सियान हेल्पलाइन : Free Bus Travel
योजना से जुड़ी जानकारी और आवेदन में सहायता के लिए वरिष्ठ नागरिक सियान हेल्पलाइन नंबर 155326 पर संपर्क कर सकते हैं। रायपुर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन के अनुसार, 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्ग परिवहन विभाग से मुफ्त बस पास बनवा सकते हैं। उनके मुताबिक, रायपुर में अब तक 2 हजार से अधिक पास जारी किए जा चुके हैं।
ख़बरें और भी हैं :Raipur Auto QR Code Registration : अब QR Code बताएगा ऑटो चालक की पूरी कुंडली!


