सीजी भास्कर, 22 अप्रैल : राजधानी के रायपुरा स्थित महादेवघाट (Mahadevghat Dead Body Case) में खारुन नदी के तट पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी कहीं और हत्या कर शव को यहां लाकर ठिकाने लगाया गया है।
यह पूरा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस (Mahadevghat Dead Body Case) टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। घटनास्थल के आसपास जांच करते हुए पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है, ताकि मृतका की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी के अनुसार फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। फिलहाल पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।


