सीजी भास्कर, सक्ती, 22 नवंबर 2026। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस रांग साइड से आ रही थी और उसने एक ही बाइक पर सवार तीनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे (Sakti Bus Accident) के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
रामसप्ताह में जा रहे थे
जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग एक ही गांव दर्री के निवासी थे। मृतकों की पहचान हरिशंकर चौहान, मोहर दास बैरागी और सेत कुमार पटेल के रूप में हुई है। इनमें सेत कुमार पटेल शिक्षक बताए जा रहे हैं। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर दर्री से किसी गांव में आयोजित रामसप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रांग साइड से आ रही बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बस छोड़कर चालक फरार
हादसे की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
चक्काजाम की तैयारी
तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे को लेकर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि नाराज लोग चक्काजाम करने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बस चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें : Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana : शादी का सीजन शुरू, लेकिन आधार सत्यापन की व्यवस्था गायब! आवेदन करने वाले जोड़े परेशान



