सीजी भास्कर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी (Chhattisgarh Dhan Kharidi 2026) के बीच अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 2 हजार 798 कट्टा धान जब्त किया गया। बिलाईगढ़ में एक कारोबारी के प्रतिष्ठान से 2,700 बोरी, जबकि सालर में जांच के दौरान 98 कट्टा धान बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें : Gariaband Leopard News : सड़क पर अचानक सामने आया तेंदुआ, राहगीरों ने रोकी गाड़ियां, वीडियो वायरल
बिलाईगढ़ में 2,700 बोरी धान जब्त
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान बिलाईगढ़ में मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के यहां से 2 हजार 700 बोरी धान बरामद किया गया। वहीं, सालर में जांच के दौरान अवैध रूप से रखे गए 98 कट्टा धान को जब्त किया गया। दोनों स्थानों से जब्त धान की कुल मात्रा 2,798 कट्टा बताई गई है।
जिले में बनाए गए 21 चेकपोस्ट
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर अधिकारियों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, चेकपोस्ट और धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान खरीदी व्यवस्था की जांच करने और धान के आवागमन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अवैध परिवहन रोकने के लिए जिले में कुल 21 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। इसके अलावा जिले में 80 समितियों के अंतर्गत 95 धान खरीदी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
अवैध भंडारण पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान के अवैध भंडारण और परिवहन की सूचना मिलने पर जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। धान खरीदी के दौरान सीमावर्ती इलाकों से लेकर खरीदी केंद्रों तक निगरानी बढ़ाई गई है।
यह भी पढ़ें : Anganwadi Workers Helpers Strike : महासमुंद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू



