सीजी भास्कर, 06 जून : प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के तहत सरगुजा जिले के अंबिकापुर में 236 पात्र हितग्राहियों को लॉटरी पद्धति के माध्यम से आवासों का आवंटन किया गया। नगर पालिक निगम अंबिकापुर द्वारा सुभाषनगर स्थित ‘मोर मकान-मोर आस’ परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस प्रक्रिया में पात्र परिवारों को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से उनके सपनों का आशियाना सौंपा गया। आवास आवंटन कार्यक्रम माता राजमोहिनी भवन में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में हितग्राही और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित इस आवंटन प्रक्रिया में सभी पात्र आवेदकों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत शासन द्वारा स्वीकृत कुल 493 आवासों के लिए प्राप्त आवेदनों की गहन जांच और भौतिक सत्यापन किया गया था। पात्र पाए गए हितग्राहियों को चरणबद्ध तरीके से आवास आवंटित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अंतिम चरण में शेष 236 आवासों का आवंटन संपन्न किया गया। इससे पहले भी बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। वर्षों से अपने पक्के घर का सपना देख रहे कई परिवारों ने आवास मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान बताया। हितग्राहियों ने कहा कि अब उन्हें किराए या कच्चे मकान की चिंता नहीं रहेगी और वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।
आवास आवंटन कार्यक्रम में सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, नोडल अधिकारी राजेश राम, सहायक अभियंता दुष्यंत बजाज, सहायक नोडल अधिकारी प्रेमप्रकाश दुबे, सीएलटीसी जगदम्बा त्रिवेदी, अनिकेत गोस्वामी, उत्कर्ष पाण्डे, कार्यालय अधीक्षक दीपक वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को आवास सुविधा मिल रही है और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।



