सीजी भास्कर, 06 अगस्त। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म (Ambikapur Minor Rape Case) के मामले में फरार चल रहे उपसरपंच के पति तरुण कुमार जायसवाल को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी अपनी एक महिला मित्र के साथ छिपा हुआ था। बिहार पुलिस की कार्रवाई के बाद अब सरगुजा पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अंबिकापुर लाने के लिए रवाना हो गई है।
यह भी पढ़ें : Raipur Bajrang Dal Protest : माता सीता पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट से विवाद, विरोध के बाद FIR दर्ज
नाबालिग को अश्लील वीडियो दिखाकर किया दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र की कक्षा 7वीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा उपसरपंच के घर घरेलू काम करने जाती थी। आरोप है कि 20 जुलाई को आरोपी तरुण कुमार जायसवाल ने छात्रा को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि अगले दिन आरोपी ने उसके पिता को 8 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया और मामले को दबाने के लिए पंचनामा तैयार कराया। परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
यह भी पढ़ें : CGPSC Paper Leak Case : पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव को हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत
FIR दर्ज होते ही फरार हो गया था आरोपी
22 जुलाई को ग्रामीणों के साथ पीड़ित परिवार कोतवाली थाना पहुंचा, जहां आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस जब आरोपी को गिरफ्तार करने उसके फ्लैट पहुंची, तब तक वह फरार हो चुका था।
भागने के दौरान आरोपी ने सूरजपुर जिले के रनहत स्थित अपने ससुराल में कार छोड़ दी थी। इसके बाद सरगुजा एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक भी जब्त कर ली थी।
यह भी पढ़ें : Raipur Double Murder Case : रायपुर में दो हत्याकांडों का खुलासा, लिव-इन पार्टनर और प्रेमी गिरफ्तार
महिला मित्र के मोबाइल से मिली लोकेशन
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की महिला मित्र पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसका मोबाइल सर्विलांस पर लगाया गया। बुधवार शाम मोबाइल कुछ देर के लिए चालू होते ही लोकेशन पटना की मिली। सूचना के आधार पर बिहार पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी और उसकी महिला मित्र को हिरासत में ले लिया।
अब सरगुजा पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अंबिकापुर लाने की प्रक्रिया में जुटी है।
यह भी पढ़ें : Kanker Bear Attack : कांकेर में भालू का खूनी हमला: भाई-बहन समेत 3 की मौत, 2 घायल
गिरफ्तारी को लेकर लगातार हो रहे थे प्रदर्शन
आरोपी की गिरफ्तारी में देरी को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने एसपी कार्यालय का घेराव किया था और आरोपी की सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की थी। भाजपा और कांग्रेस ने भी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों ने अंबिकापुर कोतवाली थाने का घेराव कर पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही के आरोप लगाए थे।
यह भी पढ़ें : Raigarh Theft Case : सूने मकान और ट्रेन में चोरी, अलग-अलग वारदातों में कैश-जेवरात पर हाथ साफ



