सीजी भास्कर, 19 सितम्बर। सरगुजा में ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर महिला लेक्चरर से 55 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जिला स्काउट-गाइड अधिकारी, एक लेक्चरर समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। (Surguja Trading Fraud Case)
शिकायतकर्ता महिला लेक्चरर निर्मला मिंज ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में स्कूल में कार्यरत लेक्चरर संगीता राय तिर्की ने उन्हें एक ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने की सलाह दी थी। उन्हें बताया गया था कि निवेश करने पर अच्छा रिटर्न मिलेगा। इसके बाद संगीता राय तिर्की ने उनकी मुलाकात जिला स्काउट-गाइड अधिकारी योगेश विश्वकर्मा से कराई।
बैंक से लोन लेकर निवेश कराने का दावा : Surguja Trading Fraud Case
शिकायत के मुताबिक योगेश विश्वकर्मा ने महिला को बताया कि विभागीय वेतन पर्ची के आधार पर बैंकों से आसानी से लोन स्वीकृत कराया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि कंपनी निवेशक के बैंक लोन की मासिक किस्त जमा करेगी और इसके साथ हर महीने लाभांश भी दिया जाएगा।
इस भरोसे में आकर निर्मला मिंज ने अलग-अलग बैंकों से करीब 46 लाख 12 हजार रुपए का ऋण लिया और पूरी राशि ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर दी। उन्हें हर महीने करीब 40 हजार रुपए लाभांश मिलने की बात भी बताई गई थी।

डेढ़ साल बाद बैंक से मिला नोटिस
निर्मला मिंज के मुताबिक निवेश के बाद वह मानती रहीं कि कंपनी की ओर से उनके बैंक लोन की किस्त नियमित रूप से जमा की जा रही है। करीब डेढ़ साल बाद जब बैंक की ओर से किस्त जमा नहीं होने का नोटिस मिला, तब उन्हें मामले की जानकारी हुई।
इसके बाद उन्होंने खुद करीब 9 लाख 27 हजार रुपए बैंक में जमा किए। जब उन्होंने योगेश विश्वकर्मा और अन्य लोगों से इस बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें बताया गया कि ट्रेडिंग कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है और निवेश की राशि वापस मिलने में समय लगेगा।
यह भी पढ़ें : Foxconn Bengaluru Job : धमतरी की तीन बेटियों ने तोड़ी बंदिशें, अब बेंगलुरु में बनाएंगी Apple iPhone
पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
महिला लेक्चरर की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद योगेश विश्वकर्मा, अरुण कुशवाहा, आकाश सिंह, शशिकांत सिंह और लेक्चरर संगीता राय तिर्की के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : Online cricket betting racket busted : 2.70 लाख कैश समेत नोट गिनने की मशीन जब्त
अन्य शिक्षकों से भी निवेश कराने की बात : Surguja Trading Fraud Case
शिकायत में यह भी सामने आया है कि ट्रेडिंग कंपनी में निवेश के नाम पर अन्य शिक्षकों से भी रकम लगवाई गई थी। आरोप है कि उन्हें भी अच्छे रिटर्न का भरोसा दिया गया, लेकिन निवेश की राशि वापस नहीं मिली। फिलहाल मामले में एक महिला लेक्चरर की शिकायत दर्ज हुई है। पुलिस अन्य संभावित निवेशकों और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : Big Fraud : NGO को 5 करोड़ दिलाने भिलाई के डायरेक्टर से 20.5 लाख की धोखाधड़ी


