भिलाई नगर, 19 अक्टूबर। फॉरेक्स व ट्रेडिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के संचालन और निवेश पर भारी मुनाफे का प्रलोभन देकर एक कृषि व्यवसायी (Forex Trading Fraud) से 18.63 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक कार भी जब्त की है।

निवेश के नाम पर ट्रांसफर कराए लाखों रुपये Forex Trading Fraud
मिली जानकारी के अनुसार अक्षय राठौर ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज (Forex Trading Fraud) कराई थी कि परिचित के जरिए उसकी मुलाकात भिलाई निवासी मीनल चौहान (35 वर्ष) से हुई थी। मीनल ने रायपुर स्थित करेंसी टावर (वीआईपी चौक) में फिनविजन एवं फिनविजन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शुरू करने और उसमें निवेश पर आकर्षक लाभ का भरोसा दिया। झांसे में आकर अक्षय ने दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच कार्यालय किराया, स्टाफ वेतन, विज्ञापन आदि खर्चों के नाम पर विभिन्न बैंक खातों के जरिए कुल 21 लाख 96 हजार 675 रूपये ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बाद में आरोपी ने केवल 3 लाख 33 हजार रूपये ही लौटाए और शेष 18 लाख 63 हजार 675 रूपये हड़प (Forex Trading Fraud) लिए। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी मीनल चौहान निवासी मदर टेरेसा नगर, भिलाई को गिरफ्तार कर लिया है।



