सीजी भास्कर, सक्ती, 20 नवंबर 2026। तत्काल रेल टिकटों की कालाबाजारी (Chhattisgarh Tatkal Ticket Black Marketing) का मामला अब रेलवे के बुकिंग कार्यालय तक पहुंच गया है। यात्रियों से प्रति टिकट 500 रुपये अतिरिक्त वसूलकर तत्काल आरक्षण कराने वाले रेलवे कर्मचारी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। चांपा आरपीएफ पोस्ट की जांच में सक्ती बुकिंग कार्यालय के कर्मचारी और टिकट दलाल के बीच कमीशन का गठजोड़ सामने आया है। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर यात्रियों की जानकारी भेजकर टिकट बनवाने का सौदा होता था।
यह भी पढ़ें : PM SVANidhi Awards 2026 : छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला स्थान
बाराद्वार में पकड़ा दलाल
जानकारी के मुताबिक, निरीक्षक पी. तिवारी के नेतृत्व में चांपा पोस्ट और अपराध शाखा मुख्यालय के अधिकारियों ने मुखबिर की सूचना पर बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में निगरानी की। गुरुवार शाम करीब 4:50 बजे संदिग्ध रामकुमार वर्मा (56), निवासी राजापारा वार्ड नंबर 3, सक्ती को पकड़ा गया। उसके पास से तीन तत्काल आरक्षित टिकट मिले, जिनकी कुल कीमत 9,170 रुपये थी। इन टिकटों के पीएनआर नंबर 6312463109, 6840871224 और 6212468012 बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें : Raipur Traffic TI Attack : चेकिंग के दौरान ट्रैफिक टीआई को टाटा एस से मारी टक्कर, चालक ने दी कुचलने की धमकी; FIR दर्ज
कर्मचारी से हुआ खुलासा
पूछताछ में रामकुमार ने सक्ती बुकिंग कार्यालय के रेलवे कर्मचारी के. शंकर राव के माध्यम से टिकट बनवाने की बात स्वीकार की। इसके बाद 18 नवंबर को मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के. शंकर राव, निवासी रेलवे क्वार्टर नंबर 10/04, रेलवे कॉलोनी सक्ती को समन देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया। जांच में उसने यात्रियों से प्रति टिकट 500 रुपये अतिरिक्त लेने और रामकुमार को हर टिकट पर 100 से 200 रुपये कमीशन देने की बात स्वीकार की।
यह भी पढ़ें : CG Millet Procurement 2026 : किसानों से 15 दिसंबर से होगी कोदो-कुटकी और रागी की खरीदी, जानें प्रति क्विंटल कितना मिलेगा दाम
मोबाइल चैट से खुला खेल
आरपीएफ ने कर्मचारी के मोबाइल फोन की जांच की तो दोनों के बीच व्हाट्सएप पर हुई बातचीत सामने आई। जांच में टिकट बनवाने के लिए यात्रियों का नाम, उम्र, यात्रा की तारीख और ट्रेन नंबर संदेश के जरिए भेजे जाने की जानकारी मिली। आरपीएफ ने मोबाइल फोन जब्त कर बातचीत का प्रिंटआउट केस डायरी में साक्ष्य के रूप में संलग्न किया।
यह भी पढ़ें : Anthropic IPO : एंथ्रोपिक के आईपीओ से कर्मचारियों की बदली किस्मत, 2800 के पास 93 करोड़ से ज्यादा की हिस्सेदारी
गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा
मोबाइल और व्हाट्सएप चैट से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरपीएफ ने के. शंकर राव को गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में उचित जमानतदार प्रस्तुत करने पर उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। जांच में सामने आए इस मामले ने तत्काल टिकट आरक्षण में रेलवे कर्मचारी और दलाल के बीच कथित मिलीभगत को उजागर किया है।
यह भी पढ़ें : Ganiyari Cooperative Society : समिति के खाते से निजी खाते में ट्रांसफर हुए 2.91 लाख, प्रबंधक पर लगे वित्तीय अनियमितता के आरोप



