सीजी भास्कर, रायपुर, 21 नवंबर 2026। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अकवान का असर अब राजधानी रायपुर में साफ दिखाई देने लगा है। बारिश, घने बादलों और ठंडी हवाओं के कारण 24 घंटे के भीतर शहर का अधिकतम तापमान 5.3 डिग्री तक गिर गया। मौसम में अचानक बदलाव के बीच अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और गले के संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। अगले 48 घंटे (Raipur Cyclone Akvan Weather Alert) लोगों के लिए सावधानी बरतने वाले हैं, क्योंकि बारिश, नमी और ठंडी हवाओं से मौसम और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
5.3 डिग्री गिरा तापमान
रायपुर में 19 नवंबर को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो 20 नवंबर को गिरकर 23.1 डिग्री पर पहुंच गया। यानी एक ही दिन में तापमान में 5.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बारिश और बादलों के कारण दिन में भी ठंड महसूस हो रही है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।
11 जिलों में बारिश का अलर्ट
चक्रवात अकवान उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकराने के बाद कमजोर होकर गहरे दबाव में बदल गया है। इसके बावजूद शनिवार को रायपुर समेत बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरबा, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। 22 नवंबर को बादल छाए रहने के बाद 23 नवंबर से मौसम साफ होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : Sugar Price Hike : चीनी के दाम में फिर उछाल, कई शहरों में 70 रुपये किलो तक पहुंची कीमत; एक साल में 30% महंगी
नमी बढ़ने से ठंड का असर
मौसम के बदलते मिजाज के बीच वातावरण में नमी बढ़ रही है। नमी और ठंडी हवाओं के कारण सुबह हल्का कोहरा छाने तथा रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। दिन का तापमान भले ही बहुत कम न हो, लेकिन ठंडी हवा और नमी के कारण वास्तविक तापमान से ज्यादा ठंड महसूस हो सकती है। मौसम में इस बदलाव का असर खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : Kanker Pressure IED Recovered : जंगल में मिला 3 किलो का प्रेशर आईईडी, सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने टाली बड़ी घटना
अस्पतालों में बढ़े वायरल मरीज
राजधानी के एम्स, आंबेडकर अस्पताल, जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और गले के संक्रमण से पीड़ित मरीज बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों के मुताबिक, सामान्य दिनों की तुलना में सामान्य चिकित्सा, बाल रोग और श्वसन रोग विभागों में मरीजों की संख्या लगभग दोगुनी तक पहुंच रही है। कुछ मरीजों में संक्रमण फेफड़ों तक पहुंचने से निमोनिया और ब्रोंकाइटिस की शिकायत भी सामने आ रही है। बारिश और बदलते तापमान के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका को देखते हुए डेंगू और मलेरिया के संदिग्ध मरीजों की जांच भी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
चक्रवात की चेतावनी के बीच स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति, बिजली के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, एंबुलेंस की उपलब्धता और जलभराव वाले इलाकों में जरूरत पड़ने पर चिकित्सा दल भेजने की तैयारी की गई है। प्रशासन मौसम के प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने में जुटा है।
डॉक्टरों ने दी सावधानी की सलाह
आंबेडकर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. योगेंद्र मल्होत्रा के मुताबिक, बार-बार बारिश होने के कारण इस साल बुखार और संक्रमण के मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को बारिश में भीगने से बचना चाहिए और फ्रिज से निकली चीजों का तुरंत सेवन नहीं करना चाहिए। बिना डॉक्टर की सलाह के खुद दवा लेने से बचें। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। सर्दी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर समय पर चिकित्सकीय जांच कराएं।
यह भी पढ़ें : Raipur Nehru Nagar Underbridge Repair : रायपुर के नेहरू नगर अंडरब्रिज में 23 नवंबर से मरम्मत, 25 दिसंबर तक एक लेन रहेगी बंद



