सीजी भास्कर, बस्तर, 24 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर में प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर मटनार हिल्स इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बन गई है। कभी गुमनाम रही यह जगह अब सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो के कारण चर्चा में है। सुबह के समय पहाड़ियों के आसपास बादलों और घने कोहरे की चादर दिखाई देती है। सूर्योदय के दौरान ऐसा खूबसूरत नजारा बनता है, मानो सूरज पहाड़ियों के सामने से निकल रहा हो। यही नजारा (Matanar Hills Bastar) को खास बना रहा है।
यह भी पढ़ें : Bijapur Plantation Scam : 74 हजार पौधे लगाने के नाम पर 16.73 करोड़ खर्च! कांग्रेस विधायक ने उठाए 6 सवाल, जांच की मांग
सुबह दिखता है जादुई नजारा
मटनार हिल्स का सबसे बड़ा आकर्षण यहां का सूर्योदय है। ठंड के दिनों में सुबह करीब 5 बजे से 8-9 बजे तक पहाड़ियों के आसपास कोहरे और बादलों की परत दिखाई देती है। बादल इतने करीब नजर आते हैं कि पर्यटकों को उनके बीच खड़े होने का एहसास होता है। जैसे-जैसे सूरज ऊपर आता है, पहाड़ियों और बादलों के बीच रंगों का खूबसूरत दृश्य दिखाई देता है। पिछले डेढ़ महीने में इस जगह की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। अब हर सुबह बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग यहां सूर्योदय देखने और तस्वीरें खींचने पहुंच रहे हैं। छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा और झारखंड से भी पर्यटक यहां आ रहे हैं।
जगदलपुर से कैसे पहुंचें
मटनार हिल्स, जगदलपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां पहुंचने के लिए जगदलपुर से चित्रकोट रोड की ओर जाना होगा। इस रास्ते से मटनार गांव पहुंचा जा सकता है। गांव से पहाड़ियों तक करीब डेढ़ से दो किलोमीटर का कच्चा रास्ता तय करना पड़ता है। रास्ते में ग्रामीणों ने तीर के निशान बनाए हैं, जिनकी मदद से पर्यटक पहाड़ी तक पहुंच सकते हैं। यहां बाइक और कार दोनों से पहुंचना संभव है। हालांकि कच्चे रास्ते पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
पार्किंग के लिए शुल्क
पहाड़ी पर आने वाले पर्यटकों के वाहनों की पार्किंग के लिए ग्रामीण शुल्क ले रहे हैं। बाइक से पहुंचने वालों से 20 रुपए और कार से आने वालों से 50 रुपए लिए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वाहनों की व्यवस्था संभालने के लिए अलग-अलग स्थानों पर नाके भी बनाए हैं।
यह भी पढ़ें : Bilaspur Road Accident : महामाया मंदिर दर्शन को निकले युवाओं की कार ट्रेलर में घुसी, 23 वर्षीय युवती की मौत; 6 घायल
ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हुए हैं। पहाड़ियों के आसपास दो से तीन चाय और नाश्ते की छोटी दुकानें शुरू हो गई हैं। सुबह-सुबह पहुंचने वाले पर्यटक यहां चाय-नाश्ते का आनंद लेते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गांव के सरपंच ने बैठक कर समिति बनाने का सुझाव दिया था। इसके बाद एक समिति गठित की गई, जो पर्यटकों की आवाजाही, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रही है। ग्रामीण सुबह 5 बजे से ही नाकों पर ड्यूटी शुरू कर देते हैं।
यह भी पढ़ें : Jamul Development Works : निकाय चुनाव से पहले जामुल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 19.63 करोड़ के कामों का भूमिपूजन-लोकार्पण
सोशल मीडिया से मिली पहचान
स्थानीय लोगों का कहना है कि मटनार हिल्स पहले भी इतनी ही खूबसूरत थी, लेकिन इसके बारे में ज्यादा लोगों को जानकारी नहीं थी। पिछले कुछ महीनों में सोशल मीडिया पर रील और तस्वीरें वायरल होने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। कुछ पर्यटक दूसरी बार यहां पहुंच रहे हैं, जबकि कई लोग इंस्टाग्राम पर वीडियो देखने के बाद पहली बार इस जगह को देखने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और माहौल बदलने के बाद दूसरे राज्यों से भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है।
यह भी पढ़ें : Dhruv Rathee Defamation Case : ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 2018 के मानहानि मामले में कोर्ट में नहीं हुए पेश
सुरक्षा इंतजाम की जरूरत
मटनार हिल्स की बढ़ती लोकप्रियता के साथ पर्यटकों की सुरक्षा भी अहम हो गई है। कुछ युवा रील और तस्वीरें बनाने के लिए पहाड़ियों के खतरनाक किनारों तक पहुंच रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। यहां सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी बोर्ड, निर्धारित फोटोग्राफी पॉइंट और निगरानी व्यवस्था की जरूरत है। यदि प्रशासन की ओर से जरूरी सुविधाएं विकसित की जाती हैं, तो मटनार हिल्स (Matanar Hills Bastar) बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी जगह बना सकती है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती को भी नई पहचान मिलेगी।



