सीजी भास्कर, रायपुर, 26 नवंबर 2026। रायपुर के कुशालपुर में नीट की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (Raipur NEET Student Death) का मामला सामने आया है। छात्र अक्टूबर से किराये के मकान में रहकर कोचिंग कर रहा था। बुधवार को दोस्तों ने काफी देर तक फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर वे उससे मिलने पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर छात्र अचेत अवस्था में मिला। पुलिस को कमरे में एक लड़की का पत्र भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे (17), पिता हरपाल बंजारे के रूप में हुई है। वह कुशालपुर में किराये के मकान में रहकर एलेन कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी कर रहा था। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे पुरानी बस्ती थाना पुलिस को घटना की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें : Bilaspur Water Saving Project : पानी की बर्बादी रोकने 13.10 करोड़ खर्च करेगा निगम, रोज 75 लाख लीटर बचाने का लक्ष्य
दोस्तों ने खिड़की से देखा
पुलिस के अनुसार, बुधवार को श्रेयांश कोचिंग नहीं पहुंचा तो उसके दोस्तों ने फोन करना शुरू किया। कई बार कॉल करने के बाद भी जब जवाब नहीं मिला तो वे उसके किराये के मकान पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। दोस्तों ने खिड़की से अंदर देखा तो छात्र कमरे में पंखे से लटका मिला।
आशंका जताई जा रही है कि घटना मंगलवार देर रात की हो सकती है। मकान मालिक के मुताबिक, श्रेयांश को दोनों समय टिफिन दिया जाता था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे तक वह टिफिन लेने नहीं आया था। इसके बाद दोस्तों के पहुंचने पर घटना का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें : Mahasamund Karanikripa Plant Blast : करणीकृपा प्लांट में फिर ब्लास्ट, पांच श्रमिक गंभीर घायल; रायपुर में चल रहा इलाज
कमरे में मिला पत्र
पुलिस ने छात्र के पिता की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाकर कमरे में प्रवेश किया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान छात्र के हाथ में एक लड़की का पत्र मिला। पत्र में लड़की ने प्रेम में अधिक उलझने के बजाय अपने करियर और भविष्य पर ध्यान देने की सलाह दी थी। पुलिस इस पत्र को जांच का एक अहम पहलू मान रही है, लेकिन इसके आधार पर घटना की वजह तय नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Science City : छत्तीसगढ़ में बनेगी साइंस सिटी, 7-डी थिएटर से प्लेनेटेरियम तक होंगे कई आकर्षण
हर पहलू की जांच
पुरानी बस्ती थाना पुलिस दोस्तों, मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्र किसी निजी परेशानी, पढ़ाई के दबाव या अन्य कारण से परेशान था या नहीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : Kanak Tiwari Death : छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन, प्रोफेसर से पत्रकार और फिर बने थे वकील



