सीजी भास्कर, रायपुर, 22 नवंबर 2026। जमीन, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व मामलों में सरकारी दफ्तरों में आवेदन लिखवाने के नाम पर अब मनमानी वसूली नहीं हो सकेगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने अर्जी लेखकों की फीस और कामकाज के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अब अर्जी लेखक (Chhattisgarh Application Writer Fees) अधिकतम 5 रुपए प्रति पेज ही ले सकेंगे। इसके बदले आवेदक को रसीद देना भी अनिवार्य होगा।
राजपत्र में नए नियम
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, 1959 के तहत अर्जी लेखकों का अनुपालन और उनके आचरण का विनियमन नियम, 2026 राजपत्र में प्रकाशित किया है। प्रकाशन की तारीख से ये नियम प्रभावी हो गए हैं। इसके तहत राजस्व अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले आवेदन, अपील, पुनरीक्षण और पुनर्विलोकन की अर्जियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिखनी होंगी। अर्जी लेखकों को तय दर से अधिक शुल्क लेने की अनुमति नहीं होगी।
21 साल उम्र जरूरी
नए नियमों के मुताबिक अर्जी लेखक बनने के लिए संबंधित जिले के कलेक्टर से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए आवेदक की उम्र कम से कम 21 वर्ष होनी चाहिए। उसे स्थानीय आधिकारिक भाषा में साफ-सुथरी लिखावट के साथ संक्षिप्त और स्पष्ट आवेदन लिखना आना जरूरी है। इसके अलावा आवेदक को छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, राजस्व पुस्तक परिपत्र और न्यायालय शुल्क अधिनियम सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी होनी चाहिए।
पहले एक साल का लाइसेंस
शुरुआत में अर्जी लेखक को एक साल के लिए लाइसेंस दिया जाएगा। इस अवधि में उसके कामकाज और कानूनी प्रावधानों की जानकारी से संतुष्ट होने पर कलेक्टर स्थायी लाइसेंस जारी कर सकेंगे। अर्जी लेखकों को प्रत्येक आवेदन का रिकॉर्ड रखना होगा। साथ ही हर अर्जी पर अपना लाइसेंस नंबर, हस्ताक्षर और निर्धारित शुल्क दर्ज करना अनिवार्य होगा। इससे आवेदक को यह जानकारी रहेगी कि आवेदन किसने लिखा है और इसके लिए कितनी फीस ली गई है।
ज्यादा फीस पर कार्रवाई
नए नियमों में अर्जी लेखकों को आवेदन में गैरजरूरी कानूनी दलीलें, फैसलों के उद्धरण और अनावश्यक बातें लिखने से रोका गया है। यदि आवेदन में गड़बड़ी या अनावश्यक सामग्री पाई जाती है तो राजस्व अधिकारी बिना अतिरिक्त शुल्क लिए उसे दोबारा लिखने का आदेश दे सकेंगे। वहीं, निर्धारित दर से अधिक फीस वसूलने की शिकायत मिलने पर अधिकारी सुनवाई कर सकते हैं। जांच के बाद अतिरिक्त वसूली गई रकम लौटाने और शुल्क कम कराने का आदेश भी दिया जा सकेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले अर्जी लेखक का लाइसेंस निलंबित भी किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana : शादी का सीजन शुरू, लेकिन आधार सत्यापन की व्यवस्था गायब! आवेदन करने वाले जोड़े परेशान



