सीजी भास्कर, 12 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी में बहे तीन कॉलेज छात्रों में से एक का शव करीब 18 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम ने पवन लाल का शव हादसे वाली जगह से करीब 4 किलोमीटर दूर नदी से बाहर निकाला। दो अन्य छात्र सचिन और मुरारी अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। (Hasdeo River Students Drowning)
बिलासपुर के एक कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में गिर गया। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे दो अन्य छात्र भी पानी के तेज बहाव में बह गए।

कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट
प्रदेश में शनिवार को कई स्थानों पर भारी बारिश (Hasdeo River Students Drowning) की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी है। अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। मध्य क्षेत्र के जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। बेलरगांव में सबसे ज्यादा 120 मिलीमीटर और नगरी में 110 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई जगह नदी-नाले उफान पर हैं और सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोले
धमतरी जिले में लगातार बारिश के बाद मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोल दिए गए हैं। इसके चलते धमतरी-नरहरपुर मार्ग पर पानी भर गया और सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। कई लोग रास्ते में फंसे रहे।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके बाद दो दिनों तक कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रायपुर में 32 डिग्री तापमान का अनुमान : Hasdeo River Students Drowning
रायपुर में 12 सितंबर को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। अगले दो दिनों में मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश बढ़ने से बारिश की कमी कुछ हद तक दूर होने की संभावना है।


