सीजी भास्कर, 10 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस कस्टडी में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को अवैध शराब के मामले में हिरासत में लिया गया था। मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए चांपा थाने का घेराव किया। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था। (Janjgir Champa Custody Death)
मृतक की पहचान मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर चांपा थाने के एक ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने उसे उसके घर से पकड़ा था। उस पर करीब 20 लीटर देशी शराब रखने का आरोप था।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत : Janjgir Champa Custody Death
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे थाने में शिव की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे बीडीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हिरासत में शिव के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि, पुलिस ने मारपीट के आरोपों से अलग युवक को मिर्गी का दौरा पड़ने की बात कही है।
पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की वजह होगी स्पष्ट : Janjgir Champa Custody Death
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति को देखते हुए थाने में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मुताबिक, शिव के खिलाफ पहले भी अपराध दर्ज रहे हैं। पुलिस के अनुसार शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों सहित यह उसका चौथा मामला था। बुधवार को उसके खिलाफ कार्रवाई कर रिमांड की प्रक्रिया की जा रही थी।
आरक्षक निलंबित और लाइन अटैच
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक स्थानीय कॉन्स्टेबल को लेकर शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। मामले (Janjgir Champa Custody Death) की जांच जारी है।


