सीजी भास्कर, अंबिकापुर, 20 नवंबर 2026। सरगुजा संभाग में 19 लोगों की जान ले चुके कबरा कान हाथी (Kabra Elephant Rescue) को वन विभाग की टीम ने बेड़ियों से आजाद कर दिया है। 18 नवंबर को ट्रैंकुलाइज करने के बाद उसे बेड़ियों में बांधकर रेडियो कॉलर पहनाया गया था। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया, लेकिन वह ज्यादा मूवमेंट नहीं कर पाया। अब वाइल्ड लाइफ की टीम रेडियो कॉलर और ड्रोन के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। फिलहाल हाथी रामगढ़ पहाड़ी के पास मौजूद है।
रामगढ़ पहाड़ी पर मौजूद
कबरा कान हाथी सूरजपुर जिले से निकलकर 12 नवंबर को सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में पहुंचा था। इस दौरान उसने एक महिला की जान ले ली थी, जबकि हमले में एक अन्य महिला का पैर टूट गया था। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे पकड़ने और ट्रैंकुलाइज करने की कोशिश में जुट गई थी। इसी बीच कबरा हाथी 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था। दल के साथ लगातार लोकेशन बदलने के कारण वन विभाग की टीम को उसे ट्रैंकुलाइज करने में परेशानी हुई। करीब पांच दिन तक प्रयास के बाद 18 नवंबर को छठे दिन कुमकी हाथियों तीरथ राम और दुर्योधन की मदद से वन विशेषज्ञों की टीम ने दोपहर करीब 12:30 बजे रामगढ़ पहाड़ी के नीचे उसे ट्रैंकुलाइज कर लिया।
यह भी पढ़ें : Digital Crop Survey : किसी का रकबा शून्य, किसी की जमीन गोवा में दर्ज! गिरदावरी की गड़बड़ी से अटके धान खरीदी के टोकन
बेड़ियों से किया आजाद
बेहोशी की हालत में आने के बाद कबरा हाथी को बेड़ियों में बांधा गया और रेडियो कॉलर पहनाया गया। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया था। वन विभाग की योजना के अनुसार, वाइल्ड लाइफ की टीम को कुछ दिनों तक उसके व्यवहार और गतिविधियों का अध्ययन करना था। हालांकि, ट्रैंकुलाइज किए जाने के दूसरे दिन यानी 19 नवंबर को ही उसे बेड़ियों से आजाद कर दिया गया। Kabra Elephant Rescue के बाद फिलहाल हाथी रामगढ़ पहाड़ी पर छोटे तुर्रा की खाई के आसपास मौजूद है। 20 नवंबर को दिनभर उसकी लोकेशन में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया। रेडियो कॉलर के जरिए टीम को उसकी स्थिति की लगातार जानकारी मिल रही है।
ड्रोन से भी निगरानी
वन विभाग और वाइल्ड लाइफ की टीम रेडियो कॉलर के साथ ड्रोन की मदद से भी कबरा हाथी पर नजर रख रही है। टीम उसके व्यवहार और मूवमेंट का अध्ययन कर रही है, ताकि आगे की कार्रवाई को लेकर उचित निर्णय लिया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, जब तक हाथी पहाड़ी से नीचे नहीं उतरता, तब तक आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय नहीं लिया जाएगा। फिलहाल टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।



