सीजी भास्कर, 11 सितंबर : रेलवे में सरकारी नौकरी (RRB NTPC 2026) का इंतजार कर रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) भर्ती के तहत 5,165 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दे दी है। बोर्ड की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन सितंबर के अंतिम सप्ताह में जारी किए जाने की संभावना है।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट्स को स्वीकृत पदों के आधार पर भर्ती की अंतिम मांग भेजने का निर्देश दिया है। इसमें ग्रेजुएट लेवल के 3,477 पद और अंडरग्रेजुएट लेवल के 1,688 पद शामिल हैं। हालांकि, आवेदन की तारीख, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा शुल्क और परीक्षा कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं हुई है।
ग्रेजुएट के 3477 पद मंजूर
ग्रेजुएट स्तर की भर्ती (RRB NTPC 2026) के लिए कुल 3,477 पदों को मंजूरी मिली है। इनमें 2,750 ट्रैफिक/ऑपरेटिंग पोस्ट, 56 चीफ कमर्शियल-कम-टिकट सुपरवाइजर, 300 जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट-कम-टाइपिस्ट और 371 सीनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के पद शामिल हैं।
इन पदों पर नियुक्ति अलग-अलग जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट्स में की जाएगी। इसके साथ ही आने वाले केंद्रीयकृत रोजगार नोटिफिकेशन (CEN) में इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट (IRIFM), सिकंदराबाद से जुड़ी वैकेंसी भी शामिल रहेगी।
अंडरग्रेजुएट के 1688 पद
रेलवे की इस भर्ती (RRB NTPC 2026) में अंडरग्रेजुएट स्तर के 1,688 पद भी शामिल किए गए हैं। इनमें 200 अकाउंट्स क्लर्क-कम-टाइपिस्ट, 700 कमर्शियल-कम-टिकट क्लर्क, 600 जूनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट और 188 ट्रेन्स क्लर्क के पद हैं।
इस तरह 12वीं और ग्रेजुएशन स्तर की योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए रेलवे में अलग-अलग पदों पर अवसर बनेंगे। हालांकि, किस पद के लिए कितनी शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता होगी, इसकी अंतिम जानकारी आधिकारिक CEN जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
15 सितंबर तक भेजनी होगी मांग
रेलवे बोर्ड के शेड्यूल के मुताबिक जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयां 7 से 15 सितंबर 2026 तक स्वीकृत पदों की अंतिम मांग दर्ज करेंगी। इसके बाद मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय स्तर पर 16 से 22 सितंबर, रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर 23 से 25 सितंबर और नोडल रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर 26 सितंबर से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बोर्ड ने संबंधित इकाइयों को स्वीकृत संख्या से अधिक पदों की मांग नहीं भेजने का निर्देश दिया है। साथ ही भर्ती में एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस आरक्षण नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नोटिफिकेशन का इंतजार
अभी उम्मीदवारों के लिए सबसे महत्वपूर्ण जानकारी आवेदन शुरू होने की तारीख को लेकर है। रेलवे भर्ती (RRB NTPC 2026) का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही आवेदन की शुरुआत, अंतिम तारीख, आयु सीमा, फीस, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आएगी।
ऐसे में रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना चाहिए और आवेदन शुरू होने के बाद निर्धारित समय के भीतर फॉर्म भरना होगा। फिलहाल 5,165 पदों की मंजूरी से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के लिए रेलवे में सरकारी नौकरी का अवसर खुलने वाला है।
खबरें और भी हैं : Swine Flu Rajnandgaon : स्वाइन फ्लू का बढ़ा खतरा, मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का अलग वार्ड तैयार



