सीजी भास्कर, 12 सितंबर। धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र से बारिश के बीच ग्रामीणों की परेशानी की तस्वीर सामने (Nagri Breaking News) आई है। दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण डुमर नाला उफान पर आ गया, जिससे चर्रा कच्छारपारा के ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया। हालात ऐसे बने कि तबीयत बिगड़ने पर एक मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को उसे खाट पर बैठाकर उफनता नाला पार कराना पड़ा।

तबीयत बिगड़ी तो खाट पर बैठाकर कराया नाला पार Nagri Breaking News
जानकारी के मुताबिक, चर्रा कच्छारपारा निवासी गोपेश पटेल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की जरूरत थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण डुमर नाला तेज बहाव के साथ उफन रहा था। नाले पर पुल या पर्याप्त सुरक्षित रास्ता नहीं होने के कारण मरीज को अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया।
इसके बाद सरपंच रूपेश ध्रुव सहित परिजनों और ग्रामीणों ने गोपेश पटेल को खाट पर बैठाया और सावधानीपूर्वक उफनते नाले को पार कराया।
यह भी पढ़ें: Hathband Police : पुरानी रंजिश बनी जानलेवा हमले की वजह, युवक पर चाकू और बांस के डंडे से हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार
तेज बहाव के कारण रातभर गांव में रहा मरीज
बताया जा रहा है कि नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि रात के समय मरीज को अस्पताल ले जाना संभव नहीं हो सका। ऐसे में गोपेश पटेल को रातभर गांव में ही रखना पड़ा। ग्रामीण सुबह तक पानी कम होने का इंतजार करते रहे।
सुबह नाले में पानी का स्तर कुछ कम होने के बाद ग्रामीणों ने मरीज को खाट के सहारे नाला पार कराया और अस्पताल पहुंचाया। इस घटना ने बारिश के मौसम में गांव के लोगों के सामने आने वाली मुश्किलों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
यह भी पढ़ें: Hasdeo River Students Drowning : 18 घंटे बाद मिला एक छात्र का शव, दो की तलाश जारी; छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
30 साल से पुल की मांग, अब तत्काल पुलिया की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि डुमर नाला पर पुल की मांग करीब 30 साल से की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। बारिश के दिनों में नाला उफान पर आने के बाद आसपास के ग्रामीणों के लिए आवागमन पूरी तरह जोखिम भरा हो जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए डुमर नाला पर तत्काल पुलिया या पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान मरीजों, स्कूली बच्चों और आम ग्रामीणों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बारिश ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी
लगातार बारिश के कारण जिले के कई ग्रामीण इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में पुल और पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन रही है। चर्रा कच्छारपारा की यह घटना प्रशासन के सामने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को फिर से प्रमुखता से रखने वाली है।
खबरें और भी हैं…IND Vs AFG : अपने ही देश में टीम इंडिया बनी मेहमान, अफगानिस्तान को मिला होम ड्रेसिंग रूम, जानें पूरा माजरा
रिपोर्टर : रिजवान मेमन



