सीजी भास्कर, 06 अक्टूबर। सिंगारपुर से मेढ़ा को जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती (Singarpur Medha Road) जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों के साथ विद्यार्थियों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक सड़क सुधारने की दिशा में ठोस काम नहीं हुआ है।
इसी मुद्दे को लेकर जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 05 अर्जुनी विभा साहू के नेतृत्व में सिंगारपुर और मेढ़ा के ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में संबंधित अधिकारी भरद्वाज को बुलाकर सड़क की स्थिति दिखाई गई। ग्रामीणों ने साफ कहा कि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो 16 अक्टूबर को सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।

2022 में बनी सड़क, फिर भी जगह-जगह गड्ढे Singarpur Medha Road
अर्जुनी से सिंगारपुर होते हुए मेढ़ा तक करीब 2.5 किलोमीटर सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आती है। इसका निर्माण वर्ष 2022 में पूरा हुआ था और वर्ष 2027 तक इसके रखरखाव की जिम्मेदारी तय है।
बताया गया कि सड़क के मेंटेनेंस के लिए करीब 33 लाख रुपये की राशि निर्धारित है। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार की ओर से सड़क की जरूरी मरम्मत और रखरखाव नहीं किया जा रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क खराब होने का असर रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है। खासकर छात्राओं को आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार विद्यार्थी सड़क के गड्ढों के कारण गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन की समस्या कम हो सके।
मेढ़ा–सोनेसरार मार्ग भी बदहाल
मेढ़ा से सोनेसरार मार्ग को जोड़ने वाला करीब 600 मीटर का पहुंच मार्ग भी लंबे समय से खराब है। इस सड़क का निर्माण वर्ष 2015 में हुआ था और वर्ष 2020 में इसके नवीनीकरण का प्रस्ताव था। ग्रामीणों का कहना है कि करीब छह साल बीतने के बाद भी नवीनीकरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है।
यह भी पढ़ें…Train Waiting : त्योहारों में ट्रेनों पर बढ़ा दबाव, कई रूट पर टिकट मिलना मुश्किल, नई सेवाओं की मांग
कलेक्टोरेट में तीन बार रखी मांग
सड़क की समस्या को लेकर विभा साहू के नेतृत्व में ग्रामीण मार्च 2025 से अब तक तीन बार कलेक्टोरेट पहुंच चुके हैं। यहां कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों के सामने सड़क मरम्मत और नवीनीकरण की मांग रखी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार मांग के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई शुरू नहीं (Singarpur Medha Road) हुई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
15 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम
बैठक में संबंधित अधिकारी भरद्वाज को 15 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। ग्रामीणों की मांग है कि इस अवधि में सिंगारपुर–मेढ़ा सड़क की मरम्मत शुरू की जाए और मेढ़ा–सोनेसरार मार्ग के नवीनीकरण के लिए आवश्यक स्वीकृति और प्रक्रिया पूरी की जाए।
यह भी पढ़ें…Monsoon Departure : छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई, 1155 मिमी बारिश ने कहीं दी राहत तो कहीं बरपाया कहर
16 अक्टूबर को सड़क पर उतरेंगे ग्रामीण
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 15 अक्टूबर तक काम शुरू नहीं (Singarpur Medha Road) हुआ तो 16 अक्टूबर को सिंगारपुर और मेढ़ा के महिला-पुरुष, विद्यार्थी और युवा एकजुट होकर सड़क पर आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने कहा है कि इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
खबरें और भी हैं…Hanuman Chalisa Science Book : शिक्षा मंत्री को शोधकर्ता कमल महंत ने भेंट की ‘हनुमान चालीसा का रहस्यमयी विज्ञान’ पुस्तक



