सीजी भास्कर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने (Weather Alert) वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम के असर से 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बस्तर संभाग में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। मौसम को देखते हुए किसानों को फसल की कटाई टालने और कटी हुई उपज सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें…Cash Seizure : दुर्ग में बोलेरो के सीक्रेट चेंबर से 4 करोड़ कैश जब्त, दो गिरफ्तार
27 अक्टूबर से शुरू हो सकता है बारिश का दौर Weather Alert
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 27 अक्टूबर से कुछ क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बस्तर क्षेत्र में तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।
रायपुर में 32 डिग्री तक रह सकता है तापमान
रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रहा। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.1, पेंड्रारोड में 30.8, जगदलपुर में 31.7 और राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार को रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
किसानों को फसल बचाने की सलाह
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों को अगले दो से चार दिनों तक धान, दलहन और तिलहन की पकी फसलों की कटाई टालने की सलाह दी है। कटी हुई फसल को सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखने तथा खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
सब्जी उत्पादकों को करेला और लौकी जैसी बेल वाली फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है। केले के पौधों और फलदार पेड़ों को तेज हवाओं से बचाने के उपाय करने को भी कहा गया है। बारिश के दौरान कीटनाशक और कवकनाशक का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है।
कृषि विभाग को सतर्क रहने के निर्देश
संभावित खराब मौसम को देखते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने विभागीय अधिकारियों और मैदानी अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। किसानों से मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
खबरें और भी हैं…OP Choudhary Targets Bhupesh Baghel : ओपी चौधरी का भूपेश बघेल पर निशाना, बोले- हारने पर EVM को दोष देती है कांग्रेस; जनता नकार चुकी है


