सीजी भास्कर, रायपुर डेस्क 28 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट (Chhattisgarh Budget 2027-28) की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार बजट तैयार करने से पहले राज्य सरकार ने सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। वित्त विभाग (CG Finance Department) ने सभी विभागों को निर्देश जारी कर हितग्राहीमूलक योजनाओं का पूरा हिसाब मांगा है। विभागों को यह स्पष्ट करना होगा कि प्रत्येक योजना में कुल कितने हितग्राही पंजीकृत हैं, उन्हें कितनी सहायता राशि दी जा रही है और इस पर सालाना कितना बजट खर्च हो रहा है।
हितग्राहियों की देनी होगी पूरी रिपोर्ट
वित्त विभाग के निर्देशानुसार, सभी विभागों को ई-केवाईसी (e-KYC) सत्यापन की अद्यतन स्थिति भी बतानी होगी। इसमें यह जानकारी देनी अनिवार्य है कि कितने हितग्राहियों का सत्यापन पूरा हो चुका है, कितने मामले लंबित हैं और जांच में कितने फर्जी या अपात्र हितग्राही (Fake Beneficiaries) पाए गए हैं। इसके साथ ही योजनाओं में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) लागू होने या न होने की स्थिति और कारण भी बताना होगा, जिससे यह तय हो सके कि सहायता राशि सीधे पात्र व्यक्ति के बैंक खाते में जा रही है या नहीं।
यह भी पढ़ें : Vishal Mega Mart : पास्ता में कीड़ा मिलने के बाद विशाल मेगा मार्ट पर कार्रवाई, ग्रॉसरी सेक्शन 7 दिन के लिए सील
21 से 30 दिसंबर तक संयुक्त बजट चर्चा
वित्त विभाग ने सभी विभागों को 10 दिसंबर से पहले निर्धारित प्रारूप में अपना प्रस्तुतीकरण देने को कहा है। इसके बाद 21 से 30 दिसंबर तक विभागवार सचिव एवं विभागाध्यक्ष स्तर की संयुक्त बजट चर्चा प्रस्तावित है। आगामी बजट में किन योजनाओं को प्राथमिकता मिलेगी, इसका अंतिम निर्णय मंत्री स्तरीय चर्चा में लिया जाएगा। इसके अलावा समान प्रकृति और दोहराव वाले लक्ष्यों वाली योजनाओं को एकीकृत कर उनकी संख्या सीमित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जमीनी प्रगति का भी देना होगा ब्योरा
बजट प्रस्तावों के साथ विभागों को पिछले दो वर्षों में किए गए प्रशासनिक सुधारों और आगामी वर्ष के प्रस्तावित सुधारों की जानकारी देनी होगी। प्रमुख योजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति के साथ-साथ अधीनस्थ निगमों, मंडलों, प्राधिकरणों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं की आय के स्रोत व वित्तीय स्थिति का पूरा विवरण भी वित्त विभाग को सौंपना होगा।



