सीजी भास्कर, 13 अगस्त। दुर्ग-भिलाई में यात्रियों की सुरक्षा और ऑटो-ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिस नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। 16 अगस्त से ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद प्रत्येक चालक को QR कोड दिया जाएगा। यात्री इस QR कोड को स्कैन कर चालक की पहचान और उससे जुड़ी जानकारी देख सकेंगे। किसी तरह की परेशानी या शिकायत होने पर चालक की पहचान करना भी आसान होगा। (Durg Auto Registration)
बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में 150 से अधिक ऑटो चालकों की बैठक हुई। इस दौरान चालकों को नई व्यवस्था की जानकारी दी गई और QR कोड रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया का डेमो भी दिखाया गया। अधिकारियों के मुताबिक सभी ऑटो और ई-रिक्शा का सत्यापन किया जाएगा और चालकों की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज की जाएगी।
यह भी पढ़ें : बिना लाइसेंस एवं नो पार्किंग में खड़ी होने वाले सवारी ऑटो के विरुद्ध यातायात पुलिस की विशेष अभियान कार्यवाही

ऑटो स्टैंड और रोटेशन व्यवस्था भी होगी लागू : Durg Auto Registration
यातायात पुलिस शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के खड़े होने के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित करने की तैयारी कर रही है। इससे सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से ऑटो खड़े करने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही चालकों के लिए रोटेशन सिस्टम लागू करने की योजना है, ताकि सभी को बारी-बारी से सवारी मिल सके और किसी एक स्थान पर ऑटो की भीड़ न लगे।
किराये को लेकर भी व्यवस्था तय करने की बात कही गई है। बैठक में चालकों को वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे और अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना ऑटो या ई-रिक्शा नहीं चलाने की हिदायत भी दी गई।
यह भी पढ़ें : Delhi Fire: दिल्ली के शाहदरा में ई-रिक्शा चार्ज करते समय इमारत में लगी आग, 2 बच्चे समेत 6 झुलसे
दस्तावेज अधूरे होने पर परिवहन विभाग से मिलेगी मदद
जिन चालकों के वाहन के दस्तावेज पूरे नहीं हैं, उनके कागजात तैयार कराने के लिए परिवहन विभाग से समन्वय किया जाएगा। जरूरी दस्तावेज बनवाने में सरकारी शुल्क से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के दौरान जनहित फाउंडेशन रायपुर के ऋषभ सोनी ने PPT और मोबाइल के माध्यम से QR कोड रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया समझाई। चालकों को मोबाइल से रजिस्ट्रेशन करने का तरीका चरणबद्ध तरीके से बताया गया और मौके पर इसका डेमो भी दिया गया। पुलिस का कहना है कि नई व्यवस्था से यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलने के साथ शहर में ऑटो और ई-रिक्शा संचालन को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में बढ़ती ई-रिक्शा और ऑटो की संख्या: रायपुर में परिवहन सचिव की बैठक, ट्रैफिक समाधान पर चर्चा..



