सीजी भास्कर, 14 सितम्बर। बिलासपुर जिले के लुतरा शरीफ में शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैय्यद इंसान अली शाह का पांच दिवसीय सालाना उर्स 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। दरगाह इंतजामिया कमेटी ने रायपुर प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उर्स की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। (Lutra Sharif Urs 2026)
कमेटी के मुताबिक, प्रशासन के सहयोग से जायरीनों के लिए साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल और विश्राम समेत जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

रायपुर प्रेस क्लब में कमेटी ने दी कार्यक्रमों की जानकारी : Lutra Sharif Urs 2026
उर्स के दौरान 28 सितंबर को परचम कुशाई, संदल चादर और रात 10 बजे ऑल इंडिया नातिया मुशायरा होगा। 29 सितंबर को मजार-ए-पाक का गुस्ल, शाही संदल और रात 9 बजे जलसा-ए-तकरीर आयोजित किया जाएगा। 30 सितंबर को संदल चादर के बाद रात 10 बजे मुंबई के गायक मुजतबा अजीज नाजा की कव्वाली होगी। 1 अक्टूबर को रात 10 बजे रईस अनीस अंसारी बिजनौरी कव्वाली पेश करेंगे। वहीं, 2 अक्टूबर को कुल की फातिहा और रंग की महफिल के साथ उर्स का समापन होगा।
जायरीनों के लिए शाही लंगर और जरूरी व्यवस्था
उर्स के सभी दिनों में दोपहर से देर रात तक शाही लंगर की व्यवस्था रहेगी। दरगाह कमेटी के मुताबिक, लुतरा शरीफ सर्वधर्म सद्भाव के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग जियारत और दुआ के लिए पहुंचते हैं। उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।



