सीजी भास्कर, 26 जुलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले की जांच के दौरान पुलिस को नया खुलासा हाथ लगा है। अब तक जांच में केवल लौह स्क्रैप की चोरी की बात सामने आ रही थी, लेकिन ताजा पूछताछ में पता चला है कि गिरोह फ्लू डस्ट की आड़ में कोक और कोयला भी संयंत्र से बाहर निकाल रहा था। मामले में पुलिस ने 16वें आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बयान के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। (BSP Scrap Theft)
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय हेमंत देवांगन निवासी ग्राम मोखा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। वह हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के तौर पर कार्यरत था। पूछताछ में उसने बताया कि गिरोह के सदस्य रात के समय फ्लू डस्ट की लोडिंग के दौरान लौह स्क्रैप के साथ कोक और कोयले को भी नीचे छिपाकर हाईवा वाहनों के जरिए संयंत्र से बाहर भेजते थे।

BSP में करोड़ों की चोरी का दायरा बढ़ा : BSP Scrap Theft
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले चार से पांच महीनों से गिरोह के साथ मिलकर चोरी की इस पूरी प्रक्रिया में शामिल था। उसकी जिम्मेदारी फ्लू डस्ट के नीचे चोरी का सामान इस तरह छिपाने की थी कि बाहर ले जाते समय किसी को संदेह न हो।
यह भी पढ़ें : BSP Iron Theft : बीएसपी में 114 करोड़ की लोहा चोरी का खुलासा, 15 गिरफ्तार, पुलिस ने बताया पूरा नेटवर्क
मामले का खुलासा 26 मई 2026 को हुआ था, जब पुलिस ने अकलोरडीह के खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स और हथखोज क्षेत्र के एक प्लॉट में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में चोरी का लौह स्क्रैप बरामद किया था। कार्रवाई के दौरान कई हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली थी। मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया गया था। इसके अलावा स्क्रैप की ढुलाई और लोडिंग में इस्तेमाल होने वाले हाईवा, हाइड्रा, जेसीबी समेत अन्य मशीनों को भी जब्त किया गया था।
फ्लू डस्ट की आड़ में कोक-कोयला भी पार
पुलिस अब तक करीब 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप जब्त कर चुकी है, जबकि वाहनों और मशीनरी सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में घटना में इस्तेमाल किया गया लोडर भी जब्त किया गया है।
यह भी पढ़ें : BSP Scrap Theft : बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में जीएम-एजीएम गिरफ्तार, 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त
पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सुनियोजित तरीके से फ्लू डस्ट के नीचे स्क्रैप, कोक और कोयला छिपाकर संयंत्र से बाहर निकालता था और बाद में विभिन्न स्थानों पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था।
16वां आरोपी गिरफ्तार : BSP Scrap Theft
मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें : BSP iron theft case : बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में दो फरार आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित
ख़बरें और भी हैं : BSP Iron Theft Case : विधायक रिकेश सेन की शिकायत के बाद हरकत में जांच एजेंसियां, बीएसपी पहुंची सीबीआई टीम से मचा हड़कंप


