सीजी भास्कर, 06 अगस्त। बिलासपुर में ठगों (Bilaspur Gold Jewellery Fraud) ने एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर करीब 2 लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने शहर में बढ़ती चोरी और लूट की घटनाओं का डर दिखाकर महिला से गहने उतरवाए और उन्हें सुरक्षित रखने का झांसा दिया। इसके बाद कागज की पोटली थमाकर फरार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
यह भी पढ़ें : Ambikapur Minor Rape Case : छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी उपसरपंच पति बिहार से गिरफ्तार
बस स्टैंड का रास्ता पूछकर बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, पीड़िता विद्या मोटवानी (68) बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान दो युवकों ने उनसे बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। कुछ देर बाद एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और तीनों ने मिलकर महिला का विश्वास जीत लिया।
यह भी पढ़ें : Raipur Bajrang Dal Protest : माता सीता पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट से विवाद, विरोध प्रदर्शन के बाद मामला दर्ज
सुरक्षा का झांसा देकर उतरवाए गहने
आरोपियों ने महिला से कहा कि शहर में लगातार लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं और खुले में सोने के जेवर पहनना सुरक्षित नहीं है। इसके बाद वे महिला को ऑटो में बैठाकर ले गए, पानी पिलाया और गहनों को कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी।
महिला उनके झांसे में आ गईं और अपने हाथ का सोने का कंगन और अंगूठी उन्हें सौंप दी। आरोपियों ने कपड़े में गहने बांधने का नाटक किया और उनकी जगह कागज की पोटली महिला को थमा दी। कुछ दूरी पर ऑटो से उतारकर आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, महिला के एक हाथ में सूजन होने के कारण दूसरा कंगन नहीं निकल पाया, जिससे वह बच गया।
यह भी पढ़ें : CGPSC Paper Leak Case : पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव को हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत
CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज में दो संदिग्ध युवक महिला से बातचीत करते दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
यह भी पढ़ें : Raipur Double Murder Case : रायपुर में दो हत्याकांडों का खुलासा, लिव-इन पार्टनर और प्रेमी गिरफ्तार
ऑटो चालक की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में ऑटो चालक की भी भूमिका हो सकती है। इसी पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सरकंडा क्षेत्र में भी ऑटो में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद पुलिस ने लोगों, खासकर बुजुर्गों से अनजान लोगों की बातों में न आने और सतर्क रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : Raigarh Theft Case : सूने मकान और ट्रेन में चोरी, अलग-अलग वारदातों में कैश-जेवरात पर हाथ साफ



