सीजी भास्कर, 26 अगस्त : धान बेचने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने से परेशान एक किसान अपनी बीमार मां को लेकर कलेक्ट्रेट (Dhamtari News) पहुंचा। कलेक्टर के सामने अपनी समस्या बताते-बताते बुजुर्ग महिला की आंखों से आंसू छलक पड़े। बेटे ने अधिकारियों से धान की राशि जल्द दिलाने की गुहार लगाई, ताकि वह अपनी मां का बेहतर इलाज करा सके।

यह भी पढ़ें…Bilaspur Hotel Fight : बासी समोसे की शिकायत पर ग्राहक को होटल संचालक ने पीटा
तीन महीने से भुगतान के लिए भटक रहा किसान
मगरलोड क्षेत्र के खैरझिटी निवासी किसान ललितराम कश्यप अपनी गंभीर रूप से बीमार मां जानकी बाई कश्यप के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। किसान का कहना है कि धान की बिक्री की रकम मिल जाए तो वह अपनी मां को अच्छे अस्पताल में भर्ती करा सकेगा। लेकिन करीब तीन महीने से भुगतान के लिए लगातार चक्कर लगाने के बावजूद राशि नहीं मिली है।कलेक्टर को सामने देखकर बुजुर्ग महिला की आंखों से आंसू निकल पड़े। धान भुगतान की समस्या (Dhamtari News) को लेकर परिवार की आर्थिक परेशानी भी सामने आई।
10 किसानों ने मिल को दिया था धान
किसानों ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि ग्राम खैरझिटी के करीब 10 किसानों ने लोकेश कुमार साहू के माध्यम से चैतराम साहू के नाम से संबंधित मिल को धान दिया था। किसानों के मुताबिक 16 से 22 मई 2026 के बीच धान की बिक्री की गई थी। किसानों का आरोप है कि धान की राशि मिल से चैतराम साहू और लोकेश कुमार साहू को प्राप्त हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी किसानों को भुगतान नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें…Dhamtari News : धान का पैसा दिला दो साहब, कलेक्टर के सामने फूट-फूटकर रोई बुजुर्ग महिला
कभी चेक तो कभी जल्द भुगतान का आश्वासन
किसानों का कहना है कि राशि मांगने पर उन्हें लगातार अलग-अलग आश्वासन दिए जाते रहे। कभी चेक देने की बात कही गई तो कभी जल्द भुगतान करने का भरोसा दिलाया गया। लेकिन लंबे समय बाद भी किसानों को उनकी रकम नहीं मिली। लगातार टालमटोल से परेशान किसानों ने पहले मगरलोड थाने में शिकायत की। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें…Gas Cylinder Price : गैस सिलेंडर की कीमत 995 रुपए, होम डिलीवरी के साथ 1030 रुपए
थाने से एसपी कार्यालय तक लगा चुके चक्कर
किसानों के मुताबिक 5 जुलाई को थाने में चैतराम साहू ने पूरी राशि देने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद भुगतान नहीं हुआ तो किसान 16 जुलाई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वहां भी 24 जुलाई तक भुगतान करने का आश्वासन मिलने की बात किसानों ने कही है।
तय समय तक पैसा नहीं मिलने पर किसान मंगलवार को फिर कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने प्रशासन से उनकी मेहनत की कमाई जल्द दिलाने की मांग की है। धान का भुगतान (Dhamtari News) नहीं मिलने से किसान परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
यह भी पढ़ें…CGPSC Scam : जेल में टामन सिंह सोनवानी की तबीयत बिगड़ी, 18 रिश्तेदारों को नौकरी लगाने का आरोप
कई किसानों ने बताई अपनी परेशानी
किसानों में लक्ष्मण साहू, प्रेमचंद साहू, दीपक साहू, चैनसिंह ठाकुर, ललितराम कश्यप, सेखुराम और चेतराम साहू समेत अन्य लोगों ने भुगतान नहीं होने की शिकायत की है। उनका कहना है कि शिकायतों और लगातार आश्वासन के बावजूद अब तक रकम नहीं मिली है। बीमार मां की हालत और परिवार की आर्थिक परेशानी को देखते हुए किसान ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर धान की राशि दिलाने की गुहार लगाई है।
खबरें और भी हैं…Raipur Airport Privatization : रायपुर एयरपोर्ट 50 साल के लिए निजी हाथों में देने की तैयारी




