सीजी भास्कर, बलरामपुर, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही दूसरे राज्यों से धान (Chhattisgarh Illegal Paddy Transport) लाकर खपाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। प्रशासन ने ऐसी कोशिशों पर शिकंजा कसते हुए के खिलाफ कार्रवाई की है। बलरामपुर जिले में संयुक्त टीमों ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई कर 406 क्विंटल धान और 780 बोरा धान जब्त किया है। इसके अलावा कई पिकअप वाहन भी पकड़े गए हैं। जब्त धान उत्तर प्रदेश और झारखंड से लाया जा रहा था।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य, मंडी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें सीमावर्ती और आंतरिक चेक पोस्टों पर निगरानी कर रही हैं। प्रशासन के मुताबिक, दूसरे राज्यों का धान स्थानीय खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों को रोकने के लिए 24 घंटे जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : Ravi Uppal Arrest : दुबई से पकड़ा गया रवि उप्पल! सौरभ चंद्राकर के बाद दूसरी बड़ी गिरफ्तारी, अब खुलेंगे अरबों के खेल के राज
धनवार में 406 क्विंटल धान जब्त
वाड्रफनगर तहसील के धनवार चेक पोस्ट पर संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश से लाए जा रहे एक ट्रक और चार पिकअप वाहनों से करीब 406 क्विंटल धान पकड़ा। वाहन चालकों के पास धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद वाहनों को थाना बसंतपुर के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में मंडी अधिनियम, मोटर व्हीकल एक्ट और कस्टम मिलिंग उपार्जन आदेश 2016 के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। इसी धनवार क्षेत्र में खली और भूसे के नीचे छिपाकर लाई जा रही 17 बोरी धान से लदा एक पिकअप भी पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Geo Portal : अब एक क्लिक पर मिलेगी हर इलाके की जानकारी, AI चैट बॉट से आसान होगा सरकारी योजनाओं का काम
राजपुर में 780 बोरा पकड़ा
3 नवंबर को राजपुर अनुविभाग में संयुक्त टीम ने बिना वैध दस्तावेज परिवहन किए जा रहे 780 बोरा धान जब्त किया। इसे थाना राजपुर के सुपुर्द किया गया है। इसी दिन तुगवा-बलंगी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से लाए जा रहे दो पिकअप वाहनों से 128 बोरी धान जब्त किया गया। इसे बलंगी चौकी में रखा गया है। वहीं, ग्राम तल्केश्वरपुर के पास 63 बोरी धान से भरा एक पिकअप पकड़ा गया, जिसे डिंडो चौकी के सुपुर्द किया गया।

यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Film Hub : छत्तीसगढ़ बनेगा देश का नया फिल्म हब, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
रात में भी चल रही निगरानी
प्रशासन की संयुक्त टीम ने झारखंड से अवैध रूप से धान ला रहे एक पिकअप को रात करीब एक बजे पकड़ा। वाहन को थाना रामचंद्रपुर के सुपुर्द किया गया। इसी तरह उत्तर प्रदेश से धान ला रहे एक अन्य पिकअप को थाना रघुनाथनगर को सौंपा गया है। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने और दूसरे राज्यों का धान खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें : Bribe Case : राजनांदगांव में प्रधान आरक्षक 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार



