सीजी भास्कर, 11 नवंबर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे कथावाचकों के कारण समाज में अंधविश्वास और विकृति बढ़ रही है। उन्होंने आरोप (Targeting storytellers) लगाया कि अब समाज के साथ-साथ भगवान राम और कृष्ण को भी बांटने का प्रयास किया जा रहा है।
बघेल ने कहा कि पहले जाति के नाम पर लोगों को बांटा जाता था, लेकिन अब भगवान के नाम पर भी विभाजन किया जा रहा है। आधुनिक युग में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और अंधविश्वास के खिलाफ लड़ने की जरूरत है। उन्होंने ये बातें अपने रायपुर स्थित निवास पर आयोजित गोवर्धन तिहार कार्यक्रम के दौरान कहीं।
सरकार का विरोध करने वालों को बताया जा रहा दिमागी नक्सली
भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश संक्रमण काल से गुजर रहा है। सरकार का विरोध करने वालों को दिमागी नक्सली कहा जा रहा है। प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा कि प्रधानमंत्री भेष बदलने में माहिर हैं। बघेल ने सवाल उठाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को इस तरह का नाम देना कहां तक उचित है।

राहुल गांधी के समर्थन में कही यह बात : Targeting storytellers
कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वे अन्याय, अत्याचार और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सभी वर्गों की आवाज उठा रहे हैं। बघेल ने कहा कि पढ़े-लिखे और समाज की समझ रखने वाले लोगों को भी आगे आकर ऐसी लड़ाई में शामिल होना चाहिए।
SIR को लेकर 13 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने का दावा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर सवाल उठाते हुए बघेल ने दावा किया कि देशभर में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब मतदाता अपने वोट की अहमियत समझने लगे हैं।
धान खरीदी और गिरदावरी में गड़बड़ी का आरोप
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का समय आ गया है, लेकिन पटवारी हड़ताल पर हैं। गिरदावरी के दौरान किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बघेल ने बताया कि एक कोटवार ने उन्हें जानकारी दी कि उसके परिवार की चार एकड़ जमीन का रकबा रिकॉर्ड से कट गया है।
उन्होंने दावा किया कि राइस मिलर्स अब तक केवल 25 प्रतिशत चावल ही जमा कर पाए हैं, जबकि 75 प्रतिशत चावल जमा होना बाकी है। बघेल ने कांग्रेस के सभी विधायकों से इस मुद्दे पर सवाल उठाने की अपील की। उन्होंने वर्ष 2021-22 और 2022-23 को धान खरीदी के लिहाज से अच्छा समय बताया।
परिवार के साथ की गोवर्धन पूजा : Targeting storytellers
भूपेश बघेल ने अपने रायपुर स्थित निवास पर परिवार के साथ गोवर्धन पूजा की और गौवंश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोक कलाकारों ने राउत नाचा की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।


