सीजी भास्कर, रायपुर, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में शराब, कोल और DMF घोटाले (Chhattisgarh EOW ACB Raid) की जांच के सिलसिले में शुक्रवार सुबह जांच एजेंसियों ने कई शहरों में एक साथ दबिश दी। रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव और गरियाबंद में कारोबारियों के घरों और व्यावसायिक ठिकानों पर EOW-ACB की टीमें दस्तावेज और अन्य जानकारियां खंगाल रही हैं। वहीं, कोरबा जिले के कटघोरा में भी DMF मामले को लेकर कार्रवाई की गई है। रायपुर में शराब कारोबारी अनवर ढेबर और VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर टीम पहुंची। राजनांदगांव में वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर छापा मारा गया। भिलाई में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर, बिलासपुर में कोल कारोबारी शाजिद खान के निवास और गरियाबंद में कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच जारी है।

रायपुर में अनवर ढेबर के घर दबिश
राजधानी रायपुर में EOW की टीम ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के घर छापा मारा। इसके अलावा VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के निवास पर भी टीम पहुंची। यहां दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। रायपुर में तीन से चार स्थानों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।

यह भी पढ़ें : JP Nadda Durg Visit : जेपी नड्डा का दुर्ग दौरा, बदला रहेगा ट्रैफिक रूट, भारी वाहनों की नो-एंट्री
राजनांदगांव में दो कारोबारियों के ठिकानों पर छापा
राजनांदगांव में रायपुर से पहुंची करीब 20 अधिकारियों की टीम ने दो कारोबारियों के घर और व्यावसायिक परिसरों में एक साथ दबिश दी। EOW की एक टीम ने सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के मकान में छापा मारा। वहीं, दूसरी टीम ने लालबाग में कारोबारी जय बग्गा के घर और व्यावसायिक परिसर में जांच शुरू की। दोनों कारोबारियों को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है। जांच टीम दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और मोबाइल-लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों की पड़ताल कर रही है।

भिलाई में ट्रांसपोर्टर के घर जांच
भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे EOW और ACB की टीम ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर पहुंची। बताया गया है कि कार्रवाई उनके साले संतोष सिंह को लेकर की जा रही है। संतोष सिंह इसी घर में रहते हैं और ऑयल एवं ट्रांसपोर्ट का कारोबार संभालते हैं।
यह भी पढ़ें : SBI Life Bima Ki Baat Campaign : SBI लाइफ का ‘बीमा की बात’ अभियान शुरू, छत्तीसगढ़ के 33 जिलों तक पहुंचेगी वैन
बिलासपुर में कोल कारोबारी के घर दबिश
बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबारी शाजिद खान के निवास पर EOW-ACB की टीम जांच कर रही है। कोल लेवी घोटाले (Chhattisgarh EOW ACB Raid) से जुड़े मामले में उनके घर और अन्य ठिकानों पर दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें : GPM Illegal Liquor Seizure : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 7.2 लीटर अवैध शराब जब्त, महिला पर केस दर्ज

गरियाबंद में ज्वेलर्स के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा और राजिम में EOW-ACB की संयुक्त टीम ने कारोबारी विमल पारख और राजा पारख के ठिकानों पर छापेमारी की। टीम ने उनके प्रतिष्ठानों शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स के साथ राजा पारख के निवास पर भी दबिश दी। यहां कोल लेवी घोटाले की जांच के सिलसिले में पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें : Water Project Payment Pending : बेमेतरा में पेयजल योजना का भुगतान अटका, ठेकेदार पर ₹1.50 लाख बकाया
कटघोरा में DMF मामले की जांच
कोरबा जिले के कटघोरा में DMF घोटाले (Chhattisgarh EOW ACB Raid) की जांच के सिलसिले में दो ठिकानों पर कार्रवाई की गई। टीम ने नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के घर दबिश दी है। दोनों स्थानों पर दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की जा रही है। फिलहाल जांच एजेंसियों की ओर से छापेमारी के दौरान मिली सामग्री, दस्तावेजों या अन्य साक्ष्यों को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : Balod Gangrape Case : बालोद में 13 साल की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी हिरासत में



