सीजी भास्कर, 13 सितम्बर । बीजापुर जिले के रूद्राराम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सात छात्राओं ने विद्यालय में पदस्थ कंप्यूटर शिक्षक के खिलाफ शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Eklavya School POCSO Case)
सात छात्राओं ने कलेक्टर से की थी शिकायत : Eklavya School POCSO Case
जानकारी के मुताबिक, सात छात्राओं ने बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप के समक्ष शिकायत की थी। इसके बाद मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में पहुंचा। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की बात कही।

आरोपी शिक्षक पर गलत नीयत से आपत्तिजनक स्पर्श का आरोप
पुलिस के अनुसार, एक 14 वर्षीय छात्रा की मां ने 12 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में कार्यरत कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या ने अक्टूबर 2025 में छात्रा के साथ गलत नीयत से आपत्तिजनक स्पर्श कर छेड़छाड़ की। आरोप है कि शिक्षक ने अलग-अलग मौकों पर दोबारा भी छात्रा के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया, जिसका छात्रा ने विरोध किया।
CM साय ने कलेक्टर को तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश : Eklavya School POCSO Case
मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में बालिका छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टरों को ऐसे संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जांच करने को कहा गया है।
पुलिस ने शुरू की मामले की विवेचना
फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ख़बरें और भी हैं : स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रैक्टिकल के दौरान छात्र पर एसिड अटैक, छात्र को शिक्षकों ने भेजा घर, एसिड फेकने वाला आरोपी 20 दिन के लिए सस्पेंड



