सीजी भास्कर, 09 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 16 वर्षीय नाबालिग को जन्माष्टमी मेला दिखाने के बहाने कोरबा ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। (Raigarh Minor Rape Case)
घर से लापता हुई थी नाबालिग : Raigarh Minor Rape Case
जानकारी के मुताबिक, 4 सितंबर को नाबालिग बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर उसे ले जाने की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने नाबालिग के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की। इसके साथ ही उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई। इस दौरान उसके कोरबा निवासी अनूप साह के संपर्क में होने की जानकारी मिली। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।

ट्रेन में हुई थी आरोपी से पहचान
पुलिस को मुखबिर से अनूप साह के किरोड़ीमल क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। उसके साथ नाबालिग भी मिली।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि करीब चार महीने पहले चांपा से रायगढ़ आते समय ट्रेन में उसकी अनूप साह से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत करने लगे।
मेले के बहाने कोरबा ले गया : Raigarh Minor Rape Case
नाबालिग के मुताबिक, रक्षाबंधन के दौरान उसकी मां से कहासुनी हुई थी। उसने इसकी जानकारी अनूप को दी थी। इसके बाद अनूप उसे जन्माष्टमी मेला दिखाने के बहाने कोरबा ले गया। वह उसे लेने चांपा पहुंचा और वहां से अपने साथ कोरबा ले आया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि कोरबा के एक होटल में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
डोंगरगढ़ घूमने के बाद रायगढ़ लौटे
इसके बाद दोनों ट्रेन से डोंगरगढ़ गए और वहां एक-दो दिन जन्माष्टमी मेले में घूमे। फिर ट्रेन से रायगढ़ लौटे। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।


