सीजी भास्कर, 26 सितम्बर। सूरजपुर जिले में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने मिलावटी शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीम के मुताबिक, आरोपी ब्रांडेड शराब की बोतलों में नकली रैपर और ढक्कन लगाकर मिलावटी शराब तैयार कर उसे बेच रहा था। (Surajpur Fake Liquor Case)
कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर से बड़ी संख्या में शराब की बोतलों के ढक्कन, नकली लेबल, खाली शीशियां और मिलावटी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंद्रप्रकाश राजवाड़े, निवासी कुम्दा बस्ती के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : Ambikapur Illegal Liquor : अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, महुआ की 8 भट्ठियां मिलीं
घर के कमरे में मिला सामान : Surajpur Fake Liquor Case
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम सूरजपुर जिले में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुम्दा बस्ती निवासी चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में मिलावट कर उसे बेच रहा है।
सूचना के आधार पर टीम ने उसके घर दबिश दी। घर के एक कमरे की तलाशी के दौरान करीब 2500 अलग-अलग ब्रांड की शराब की बोतलों के ढक्कन, 200 नकली लेबल, कई खाली शीशियां और करीब 12 लीटर मिलावटी शराब बरामद हुई।
आबकारी टीम के मुताबिक, मिलावटी शराब को मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू जैसे ब्रांड की बोतलों में भरकर रखा गया था।

पहले शराब दुकान में करता था काम
आबकारी अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक साल पहले सूरजपुर की विदेशी शराब दुकान में कर्मचारी के तौर पर काम करता था। वहां से काम छोड़ने के बाद उसके द्वारा मिलावटी शराब तैयार कर बेचने का कारोबार किए जाने की बात सामने आई है।
आबकारी विभाग ने आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को सूरजपुर न्यायालय में पेश किया गया।
यह भी पढ़ें :Illegal Liquor : वाहन चेकिंग में पकड़ी गई 100 बोतल शराब, आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग ने बढ़ाई निगरानी : Surajpur Fake Liquor Case
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि मिलावटी शराब के मामलों को देखते हुए आबकारी आयुक्त, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर जिले में निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
विभाग की ओर से अवैध और मिलावटी शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
ख़बरें और भी हैं : Liquor Raid In Chhattisgarh : आबकारी टीम पर वसूली का आरोप तो भाजपा नेताओं पर बदसलूकी का, दोनों पक्षों ने थाने में की शिकायत


