सीजी भास्कर, 15 अगस्त। बिटकुली गांव में स्वतंत्रता दिवस का माहौल इस बार कुछ अलग नजर (Independence Day 2026) आया। सुबह बच्चों की प्रभात फेरी से शुरू हुआ कार्यक्रम देशभक्ति के रंग में रंगा रहा, वहीं विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर बच्चों ने पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया। गांव के लोगों ने बच्चों की इस पहल की जमकर सराहना की।
15 अगस्त के मौके पर नन्हे बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ गांव में प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के बीच बच्चे गांव की गलियों से गुजरे। इसके बाद विद्यालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।

Independence Day पर बच्चों की खास पहल
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार बच्चों ने केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक खुद को सीमित नहीं रखा। नई पीढ़ी के बच्चों ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाए और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
बच्चों ने संदेश दिया कि देश की तरक्की के साथ पर्यावरण की सुरक्षा भी जरूरी है। लगाए गए पौधों को आने वाले समय में बड़ा करने और गांव को हरा-भरा बनाने की जिम्मेदारी का संकल्प भी लिया गया।
सरपंच ने उपलब्ध कराए पौधे और ट्री गार्ड
ग्राम पंचायत बिटकुली के सरपंच दिनेश चवरे ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रामीणों और बच्चों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराने की पहल की। पौधों की सुरक्षा के लिए निःशुल्क ट्री गार्ड भी दिए जा रहे हैं।
पंचायत की इस पहल से ग्रामीणों को अपने घरों और आसपास पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम में बच्चों के साथ शिक्षकों और ग्रामीणों ने भी पौधरोपण में हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें : India Development Journey :1947 से 2026 तक 10 आंकड़ों से समझिए भारत देश की बदलती तस्वीर
पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण भी हुए शामिल
कार्यक्रम में सरपंच दिनेश चौरे, उपसरपंच कुमार वर्मा और सभी पंचगण मौजूद रहे। गांव के वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
जवाहरलाल साहू, गिरधर साहू और संतोष साहू समेत अन्य ग्रामीणों ने बच्चों की पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और देशभक्ति कार्यक्रमों का पर्व नहीं है, बल्कि समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है।
बिटकुली में प्रभात फेरी, देशभक्ति कविताओं और पौधरोपण ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम को यादगार बना दिया। बच्चों द्वारा लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में गांव की हरियाली बढ़ाने के साथ इस दिन की याद भी दिलाते रहेंगे। ग्राम पंचायत की ओर से पौधे और ट्री गार्ड उपलब्ध कराने की पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में सामने आई है।
खबरें और भी हैं : PM Modi Red Fort Speech : 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य, पीएम मोदी बोले- दुनिया बदल रही भारत को देखने का नजरिया
रिपोर्टर : ऐश कुमार साहू




