सीजी भास्कर, 14 अक्टूबर । बिलासपुर में कमीशन कमाने के लालच में कई च्वाइस सेंटर संचालक साइबर ठगों के जाल में फंस गए। आरोपियों ने क्यूआर कोड स्कैन कर उनके बैंक खातों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई और बदले में संचालकों से नकद पैसे लेकर फरार हो गए। बाद में साइबर ठगी की रकम खातों में आने का पता चलने पर बैंक ने उनके खाते होल्ड कर दिए। परेशान संचालकों ने रेंज साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Bilaspur Cyber Fraud Case)
क्यूआर कोड के जरिए खाते में मंगवाए रुपए : Bilaspur Cyber Fraud Case
हिर्री क्षेत्र के खरकेना निवासी देवेंद्र रजक बिल्हा मोड़ पर लक्ष्मी च्वाइस सेंटर चलाते हैं। उनके मुताबिक, 5 अक्टूबर को नीले रंग की एक्टिवा से एक युवक दुकान पर पहुंचा। उसने ऑनलाइन खाते में रुपए मंगवाने और बदले में नकद भुगतान लेने की बात कही। इसके लिए कमीशन देने का भी लालच दिया।
देवेंद्र के तैयार होने पर युवक ने दुकान का क्यूआर कोड मोबाइल से स्कैन करने के बजाय उसकी तस्वीर खींचकर किसी दूसरे व्यक्ति को भेज दी। कुछ ही देर में देवेंद्र के खाते में 16 हजार रुपए आ गए। उन्होंने 150 रुपए सर्विस चार्ज काटकर बाकी रकम युवक को नकद दे दी।
यह भी पढ़ें : PhonePe Loan Scam : व्हाट्सएप मैसेज से साइबर ठगी का नया तरीका, रहें सतर्क

साइबर ठगी की रकम आने पर खाते होल्ड
अगले दिन भारतीय स्टेट बैंक की चकरभाठा शाखा से देवेंद्र को पता चला कि उनके खाते में साइबर ठगी की रकम आने के कारण उसे फ्रीज कर दिया गया है। इसी तरह आरोपी ने राकेश कौशिक, राकेश साहू, छत्रपाल गेन्ड्रे, दीपक वस्त्रकार, राहुल साहू, आकाश पालीवाल और भूपेंद्र सिंह के बैंक खातों में भी रकम ट्रांसफर कराई। इसके बाद इन संचालकों से नकद रुपए ले लिए।
यह भी पढ़ें : Cyber Awareness : समाज प्रमुखों को साइबर ठगी से बचाव का पाठ, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
5 लाख रुपए से अधिक की रकम ट्रांसफर होने की शिकायत
देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनके अलावा अन्य च्वाइस सेंटर संचालक भी इसी तरह ठगी (Bilaspur Cyber Fraud Case) का शिकार हुए हैं। क्यूआर कोड के जरिए उनके खातों में कुल पांच लाख रुपए से अधिक की रकम ट्रांसफर की गई और ठग नकद पैसे लेकर चले गए।
शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस नीले रंग की एक्टिवा से च्वाइस सेंटर पहुंचने वाले युवक की पहचान करने और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें : Cyber Fraud : मुंगेली में पेंशनरों से लेकर ग्रामीणों तक पहुंची पुलिस, साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
ख़बरें और भी हैं :Cyber Fraud : साइबर ठगी: म्यूल बैंक खाता बेचने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार


