सीजी भास्कर, 14 अगस्त। बिलासपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत पहली बार महिलाओं के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं ने 300 फीट लंबे तिरंगे के साथ करीब ढाई किलोमीटर तक यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, भाजपा कार्यकर्ता, स्काउट-गाइड, एनसीसी और एनएसएस के सदस्य शामिल हुए। (Bilaspur Tiranga Yatra)
महिलाओं ने किया तिरंगा यात्रा का नेतृत्व : Bilaspur Tiranga Yatra
यात्रा राजकिशोर नगर चौक से शुरू होकर लिंगियाडीह चौक स्थित भारतमाता चौक तक पहुंची। यहां भारत माता की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना और माल्यार्पण के बाद यात्रा का समापन हुआ। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में महिला पार्षदों और महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए विधायक सुशांत शुक्ला की टीम ने महिलाओं को यात्रा की जिम्मेदारी सौंपी थी। महिलाओं ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया, जबकि पुरुष कार्यकर्ता उनके पीछे चलते रहे।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि मातृ शक्ति की सहभागिता से यह तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक बनी है। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं का सड़कों पर उतरना देश के प्रति सम्मान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की यह भागीदारी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

रिवर-व्यू में RPF बैंड की प्रस्तुति ने बांधा देशभक्ति का समां
स्वतंत्रता दिवस से पहले रिवर-व्यू में देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और रेलवे सुरक्षा बल के संयुक्त आयोजन में RPF बैंड ने देशभक्ति गीतों की धुनों पर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम (Bilaspur Tiranga Yatra) की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से हुई। इसके बाद ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गीतों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। RPF बैंड ग्रुप ने एसके पॉल की अगुवाई में इंस्ट्रूमेंट के जरिए प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता, पानी बचाने और शहर को साफ रखने के लिए जागरूक रहने की अपील की।
एसएसपी रजनेश सिंह ने युवाओं से महापुरुषों को आदर्श मानकर मेहनत से करियर बनाने, कानून का पालन करने और नशे से दूर रहने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र और तिरंगे के प्रति सम्मान व जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एसडीएम मनीष साहू, निगम अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, RPF के असिस्टेंट कमांडेंट सैयद निहाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



